उत्सवी माहौल में झूमे इंदौरी...

उत्सवी माहौल में झूमे इंदौरी...

इंदौर। इंदौर में रविवार और रंगपंचमी के संगम में आयोजित गेर में ऐतिहासिक पांच लाख से अधिक लोग शामिल हुए। इस परंपरागत आयोजन की व्यापकता देखिए कि एक छोर से दूसरे छोर तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी रंगों में लिपटे उत्साही उत्सवी चेहरे, मस्ती में झूमते गाते इंदौरी ने इस क्षण को यादगार बना दिया। टोरी कॉर्नर से सुबह 11 बजे शुरू हुआ कारवां शाम छह बजे तक चलता रहा। रंगपंचमी का उल्लास चारों तरफ दिख रहा था। यह गेर टोरी कार्नर से मल्हारगंज, खजूरी बाजार, राजवाड़ा पहुंची। इसके बाद गेर गोपाल मंदिर, सराफा, नृसिंह बाजार होते हुए पुन: इतवारिया बाजार से मल्हारगंज पहुंची। यहां राजवाड़ा पर हर कोई रंग में रंगा नजर आया।

इंदौरी जनता का धन्यवाद - सीपी

पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने कहा कि शहर के उत्सव प्रेमी नागरिक, जनप्रतिनिधि, जिला, निगम, पुलिस प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों और मीडिया के सहयोग से रंगों के त्यौहार पर आयोजित चल समारोह निर्विघ्न रुप से संपन्न हुआ है, आप सब का हृदय से आभार, धन्यवाद।

सकारात्मक परिणाम- कलेक्टर

रंग पंचमी पर इंदौर की सांस्कृतिक विरासत गेर के निर्विध्न एवं शांतिपूर्ण सफल आयोजन पर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. ने शहर के नागरिकों, गेर आयोजकों और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि यह समग्र रूप से इंदौरवासियों के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है ।

महापौर ने दिया धन्यवाद

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गेर में शामिल हुई असंख्य भीड़ को इस आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए धन्यवाद दिया। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा आप सभी के उत्साह और सकारात्मक सहभागिता को देखकर मैं बहुत भावविभोर हूं। इस आयोजन को सार्थक बनाने के लिए अथक मेहनत करने वाले पुलिस प्रशासन, नगर निगम कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोगियों का मैं सादर आभारी हूं।

रंगों की मस्ती में डूबा शहर

गेर में ढोल ताशे और डीजे की धुन पर और हुरियारों की टोली जमकर नाचती गाती हुई दिखाई दी। राजबाड़ा पर जमकर पानी की बौछार हुई, जिसे देखकर हर कोई झूम उठा। पूरा शहर इस दौरान रंगों की मस्ती में डूबा हुआ दिखाई दिया।

गृहमंत्री ने किया ट्वीट

इंदौर में निकली भव्य रंग पंचमी की गेर का वीडियो गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा परंपरा और भाईचारे के रंग में सराबोर इंदौर।

जुटी पांच लाख लोगों की भीड़

इंदौर की इस परंपरागत गेर में 500000 लोगों की भीड़ इस साल इकट्ठा हुई। कोई अपने परिवार के साथ यहां मौजूद था तो कोई दोस्तों के साथ मौज मस्ती कर रहा था। लोग दूर-दूर से गेर का आनंद लेने के लिए यहां पहुंचे थे। सुबह से शुरू हुआ गेर निकाले जाने का सिलसिला दोपहर 3 बजे तक चलता रहा और इस दौरान राजबाड़ा इलाके में भारी भीड़ देखी गई।