भारत में भी बढ़ी महंगाई, श्रीलंका जैसे हो रहे हालात
Inflation increased in India too Things happening like Sri Lanka
नई दिल्ली | अपनी आजादी के बाद से अब तक के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा श्रीलंका आर्थिक मोर्चे पर बुरी तरह से फेल हो गया है। देश की जनता खाने- पीने के साथ ईंधन और मेडिकल संकट का सामना कर रही है। इस बीच श्रीलंका की आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एक ट्वीट कर भारत की तुलना संकटग्रस्त श्रीलंका से की है, जिसमें बेरोजगारी, र्इंधन की कीमतों और सांप्रदायिक हिंसा के मामले में दोनों देशों के ग्राफ कुछ-कुछ एक जैसे दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत और श्रीलंका के लिए तीन- तीन ग्राफिक्स का एक सेट शेयर करते हुए पोस्ट किया, जिसमें लिखा- लोगों का ध्यान भटकाने से तथ्य नहीं बदलेंगे। भारत काफी हद तक श्रीलंका जैसा दिखता है।
खर्चों के लिए लोगों को लेना पड़ सकता है लोन: प्रियंका
इधर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी बढ़ती कीमतों को लेकर बुधवार को केंद्र पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की एक भी ऐसी योजना नहीं है, जो मध्यवर्ग और गरीबों की आमदनी बढ़ाती हो। इन वर्गों के लोगों को डर है कि कहीं रोजमर्रा के खर्चों के लिए भी उन्हें कर्ज न लेना पड़ जाए।
महंगाई के विरोध पर भाजपा फैलाती है तनाव: ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बढ़ती कीमतों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए सांप्रदायिक तनाव भड़का रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मौजूदा सरकार गैस और अन्य वस्तुओं की कीमत बढ़ाकर कट मनी कमा रही है।