कैलाश विजयवर्गीय ने मनोज परमार को दी ‘महामण्डलेश्वर’ की उपाधि

कैलाश विजयवर्गीय ने मनोज परमार को दी ‘महामण्डलेश्वर’ की उपाधि

इंदौर। राजनीति में क्या-क्या नहीं होता, बयानों पर बयान, बोल वचन पर सियासत रोजाना देखने को मिल रही है। हाल ही में विधानसभा एक के भाजपा उम्मीदवार कैलाश विजयवर्गीय प्रत्याशी घोषित होने के बाद लगातार अपनी विधानसभा क्षेत्र में नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनका एक बयान अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, अपने संबोधन के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने मनोज परमार को महामंडलेश्वर की उपाधि दे दी... और कहा कि उन्हें पंडितों से ज्यादा मंत्र याद हैं। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस विधायक ने भाजपा नेता पर साधु-संतों का अपमान करने का आरोप लगाया है।

इंदौर में बलाई समाज के सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में विधानसभा एक के भाजपा उम्मीदवार कैलाश विजयवर्गीय शामिल हुए थे। विजयवर्गीय ने इस दौरान कहा कि मनोज परमार को मैंने महामंडलेश्वर की पदवी दी है, क्योंकि जितने मंत्र पंडितों को याद नहीं रहते... उतने इसे रहते हैं, वहीं उन्होंने यह भी कहा कि मनोज दलितों के लिए लगातार लोगों से लड़ते रहते हैं। विजयवर्गीय के इस बयान पर कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने उन पर हमला बोला है। उन्होंने कहा- इंदौर के विधानसभा 1 में गुंडों की भरमार हो गई है। लिस्टेड बदमाश को महामंडलेश्वर बताकर कैलाश विजयवर्गीय ने साधु-संतों का अपमान किया है। उन्होंने आगे कहा- मनोज परमार पर हत्या बलात्कार जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं।

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए सैकड़ों कार्यकर्ता

चुनाव आते ही पार्टियों में दलबदल की राजनीति सामने आने लगी है । विधानसभा-1 में कांग्रेस को लगातार कुछ नुकसान होता नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता अमन यादव ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस छोड़कर कैलाश विजयवर्गीय के समक्ष भाजपा का दामन थाम लिया। बाणेश्वर कुंड पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमन यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अमन यादव ने बताया कि जब से भाजपा ने कैलाश विजयवर्गीय को क्षेत्र एक का प्रत्याशी बनाया है, तब से ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की इच्छा थी। उनके ऊर्जावान नेतृत्व को देखकर अच्छा लगता है। उनके साथ काम करने का मन था। वह जनता के नेता हैं... इस वजह से अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुआ हूं, वहीं सामाजिक दृष्टिकोण से भी अमन यादव का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए नुकसानदायक हो सकता है।