जिस कमला नेहरू पार्क का लोकार्पण जवाहर लाल नेहरू ने किया था वहां मिल रहीं शराब की बोतलें

जिस कमला नेहरू पार्क का लोकार्पण जवाहर लाल नेहरू ने किया था वहां मिल रहीं शराब की बोतलें

जबलपुर । देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने वर्ष 1959 में यादव कॉलोनी चौक के पास मुख्य मार्ग पर एक पार्क का लोकार्पण किया था जो कि उनकी पत्नी कमला नेहरू के नाम पर शहर का पहला उद्यान था। इस उद्यान की हालत इस समय बदहाल है। यहां शराब की बोतलें,पाउच और डिस्पोजेबल गिलास के साथ पत्तों और गंदगी का साम्राज्य देखा जा सकता है। मुख्य मार्ग पर स्थित कमला नेहरू पार्क के लिए स्थानीय स्व. रामरतन यादव ने अपनी जीवनकाल में अपनी भूमि दान में दी थी। वर्ष 1999 में तत्कालीन महापौर सुश्री कल्याणी पाण्डेय ने यहां पर कमला नेहरू की प्रतिमा बनवाकर यहां स्थापित करवाई थी। हाल के सालों में यहां बाउंड्रीवॉल व अन्य विकास कार्य भी पार्षदों ने करवाए हैं। बेहद कम जगह में बने इस छोटे से पार्क की साफ-सफाई नगर निगम के सफाई कर्मचारी नहीं करते। रोड के किनारे स्थित होने के बावजूद यहां रात को शराबियों की महफिल जमती है।

पुलिस चौकी पास मगर झांकने नहीं आते

कुछ ही दूरी पर यादव कॉलोनी पुलिस चौकी भी है मगर मजाल है कि कभी भी किसी वर्दीधारी ने यहां आने की जहमत उठाई हो,यदि ऐसा होता तो असामाजिक तत्वों पर पुलिस का डर जरूर होता। बार-बार बोलने के बाद भी जब सफाई कर्मचारियों नेयहां पर सफाई करने में रुचि नहीं दिखाई तो अब स्थानीय जनों ने बोलना भी बंद कर दिया है।