कश्मीर : तापमान बढ़ा तो प्रवासी पक्षी जल्दी लौटने लगे घर

कश्मीर : तापमान बढ़ा तो प्रवासी पक्षी जल्दी लौटने लगे घर

जम्मू। कश्मीर में इस साल सर्दियों मेंं आए 10 लाख के करीब प्रवासी पक्षी जल्द अपने घरों को लौटने लगे हैं। क्योंकि पिछले दो सप्ताह से कश्मीर में ग्लोबल वार्मिंग अपना असर दिखा रही है जिस कारण दिन का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ गया है। कश्मीर के वेटलैंड की जिम्मेदारी संभालने वाली वाइल्ड लाइफ वार्डन इफशान दीवान कहती थीं कि कश्मीर में मौसम तेजी से बदल रहा है। पहली बार है कि गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है जिस कारण दिन के तामपान में हुई बढ़ोतरी इन प्रवासी पक्षियों को मजबूर कर रही है कि वे जल्द से जल्द अपने घरों को लौट जाएं। हालांकि वे इसके प्रति कोई कमेंट नहीं करतीं कि मौसम में बदलाव का कारण ग्लोबल वार्मिंग है या फिर कुछ और है।

ठंड में आए थे 10 लाख मेहमान

इस बार दस लाख के करीब प्रवासी पक्षी सिर्फ कश्मीर के वेटलेंडों में विचरण करते पाए गए। पिछले साल यह आंकड़ा 11 लाख था। इस बार बहुत से प्रवसी परिंदों को गिनती में इसलिए शामिल नहीं किया जा सका क्योंकि तेजी से बदलते मौसम के कारण वे वापस लौट गए थे। पिछली सर्दियों की बनिस्बत इस बार की सर्दी गर्माहट लिए हुए थी जिस कारण ये पक्षी जल्द लौटने लगे हैं। पिछले साल सर्दी लंबी चली थी जिस कारण गिनती का कार्य 15 फरवरी को शुरू हुआ था पर इस बार इसे जनवरी के महीने में ही आरंभ करने के बावजूद बहुत से हजारों पक्षियों को गिना ही नहीं जा सका है।