खालिस्तानियों ने लंदन में किया उपद्रव, भारत ने जताया विरोध

खालिस्तानियों ने लंदन में किया उपद्रव, भारत ने जताया विरोध

लंदन। खालिस्तानी अमृतपाल सिंह के खिलाफ हो रही कार्रवाई के विरोध में खालिस्तानियों ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में उपद्रव कर तिरंगा निकाल दिया था। भारत ने अब इस घटना का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पहले से भी बड़ा तिरंगा फहराया है। खालिस्तानियों द्वारा की गई इस हरकत की ब्रिटेन ने निंदा की है। साथ ही इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। रविवार को खालिस्तानियों ने उच्चायोग में अपना झंडा लगाने की भी कोशिश की थी। इस घटना का भारत ने कड़ा विरोध जताया और भारत में ब्रिटेन के राजदूत एलेक्स एलिस को भी तलब किया था। इसके बाद ब्रिटेन ने भी मामले की कड़ी निंदा की है। लंदन के मेयर सादिक खान ने कहा कि भारतीय उच्चायोग में हुई हिंसक घटनाओं और तोड़फोड़ की निंदा करता हूं। इस तरह के व्यवहार के लिए हमारे शहर में कोई जगह नहीं है। मेट्रोपोलिटन पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, विदेश राज्य मंत्री विंबलडन के लॉर्ड अहमद ने भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा का आश्वासन दिया है।