पिछले साल दुनिया में डेंगू के 42 लाख मरीज मिले
विश्व स्वास्थ्य संगठन की चेतावनी, अमेरिका-यूरोप में बढ़ेगा खतरा

लंदन। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चेतावनी देते हुए कहा है कि इस दशक में दक्षिणी अमेरिका, दक्षिणी यूरोप और अफ्रीका के नए हिस्सों में डेंगू बुखार एक बड़ा खतरा बन जाएगा। इसके पीछे पृथ्वी के बढ़ते तापमान को कारण बताया जा रहा है। गर्म तापमान मच्छरों के लिए संक्रमण फैलाने की अनुकूल स्थिति पैदा करेगा। यह बीमारी लंबे समय से एशिया और लैटिन अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में एक संकट बनी हुई है। हर साल डेंगू से अनुमानित 20,000 मौतें होती हैं। वर्ष 2000 के बाद से वैश्विक स्तर पर इस बीमारी की दर पहले ही आठ गुना बढ़ गई है, जो मुख्य रूप से जलवायु परिवर्तन के साथ-साथ लोगों की बढ़ती आवाजाही और शहरीकरण के कारण है। डब्लूएचओ ने कहा कि कई मामले दर्ज नहीं किए जाते हैं। इसके बावजूद 2022 में दुनिया भर में 42 लाख मामले सामने आए। सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस साल ट्रांसमिशन के रिकॉर्ड स्तर के करीब होने की उम्मीद है। वहीं बांग्लादेश में इस साल अब तक 2 लाख से ज्यादा डेंगू के मरीज मिल चुके हैं।
हॉस्पिटल सिस्टम पर बढ़ेगा दबाव
विश्व स्वास्थ्य संगठन के संक्रामक रोग विशेषज्ञ जेरेमी फर्रार ने कहा कि डेंगू के संक्रमण के फैलने से कई देशों में हॉस्पिटल सिस्टम पर तीव्र दबाव पड़ेगा। उन्होंने कहा, क्लिनिकल केयर वास्तव में काफी जरूरी है, इसके लिए नर्सों और रोगियों के बीच उच्च अनुपात की आवश्यकता होती है। मुझे सचमुच चिंता होती है, जब यह सहारा अफ्रीका में एक बड़ा मुद्दा बन जाएगा।
डब्ल्यूएचओ ने दी बच्चों के लिए टीके को मंजूरी
इस सप्ताह की शुरुआत में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने उन क्षेत्रों में 6 से 16 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए टाकेडा फार्मास्यूटिकल्स क्यूडेंगा वैक्सीन की सिफारिश की थी, जहां डेंगू संक्रमण एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या है, ताकि इसका सटीक इलाज हो सके।
डेंगू का लक्षण और उपचार क्या है
- डेंगू से पीड़ित मरीजों में बुखार, मांसपेशियों में ऐंठन और जोड़ों में दर्द इतना गंभीर हो सकता है कि इसे हड्डी तोड़ बुखार के रूप में जाना जाता है।
- डेंगू के 1 फीसदी मामले काफी गंभीर होते हैं, जिनमें मरीजों की मौत तक हो जाती है।
- डेंगू के लिए कोई विशिष्ट उपचार नहीं है। हालांकि बचाव ही इसका उपचार है। टीका भी उपलब्ध है।
भारत में आंकड़ा एक लाख के करीब
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 17 सितंबर, 2023 तक देशभर में डेंगू के 94,198 मामले अब तक दर्ज हो चुके हैं, जबकि देशभर में डेंगू से मरने वालों की संख्या इस साल 91 तक पहुंच चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को इससे बचने और लक्षण दिखने पर डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी है।
बांग्लादेश: बांग्लादेश स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के आंकड़ों के अनुसार देश में इस साल दो लाख से अधिक मामलों की पुष्टि की गई है, जिसमें से 1,006 लोगों की मौत हो गई है।