शादी के डेढ़ साल बाद विवाहिता ने की खुदकुशी, दहेज प्रताड़ना का आरोप

शादी के डेढ़ साल बाद विवाहिता ने की खुदकुशी, दहेज प्रताड़ना का आरोप

इंदौर। अलग-अलग कारणों से इंदौर में तीन लोगों द्वारा आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं। पहले मामले में आजाद नगर में रहने वाली महिला ने फांसी लगा ली। उसकी करीब डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। मामले में उसके मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। मूसाखेड़ी में रहने वाली कविता पति दिनेश गोयल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि कविता की आत्महत्या के पहले पति से कुछ कहासुनी हो गई थी। परिजन उसे फंदे से उतारकर एमवाय लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कविता की मौत की सूचना के बाद मायके वाले भी पहुंचे। कविता के मामा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे कम दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। वह कई दिनों से परेशान थी। ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर ही मेरी भानजी ने आत्महत्या की है। आजाद नगर पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। यदि आत्महत्या के मामले में कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

युवक ने जहर खाकर दी जान

इसी प्रकार चंदन नगर इलाके में रहने वाले राहुल पिता भागीरथ निवासी दामोदर नगर ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि राहुल मकान निर्माण के कामों से जुड़ा था। रात में उसने जहर पी लिया था। उसकी तबीयत बिगड़ी तो भाई सूरज और अन्य लोग उसे अस्पताल लेकर आए थे। यहां देर रात तीन बजे उसकी मौत हो गई। राहुल के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। बताया जाता है कि पत्नी पूर्व में उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद वह तनाव में रहता था।

बच्चे घर में खेलते रहे, पिता ने कर ली खुदकुशी

उधर, हीरानगर इलाके में एक युवक ने उस समय फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, जब उसके बच्चे घर में ही खेल रहे थे। जानकारी के अनुसार मृतक का नाम मनीष पिता जगन्नाथ निवासी सूरज नगर है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। भाई अंतिम के अनुसार मनीष फेब्रिकेशन का काम करता था। उसकी पत्नी काम पर गई थी। बच्चे घर में खेल रहे थे। उसी दौरान उसने फांसी लगा ली। जब उसकी पत्नी ने फोन किया और उसने फोन नहीं उठाया तो पत्नी ने अपने परिवार को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोगों को घटना का पता लगा। उसने खुदकुशी क्यों की है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।