ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों के साथ फटे उपकरण

ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों के साथ फटे उपकरण

जबलपुर। गत दिवस बरगी के समीप स्थित एक ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में तड़के करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। अग्नि दुर्घटना के बाद फैक्ट्री में रखे ट्रांसफार्मर तथा अन्य विद्युत उपकरण तेज धमाकों के साथ फटने लगे। आग की लपटे काफी ऊंचाई तक जाने लगी थी। दुर्घटना की खबर के बाद आसपास के कई गांव में हड़कंप की स्थिति मच गई। पुलिस तथा अन्य जिम्मेदार विभागों को जैसे ही जानकारी लगी दमकल गाड़ियों की व्यवस्था की गई। दुर्घटना की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। फैक्टरी के आइल कंटेनर से आग भड़कना बताया जा रहा है। जबलपुर नगर निगम के अलावा पाटन, भेड़ाघाट, शहपुरा आदि नगर पालिकाओं से भी फायर ब्रिगेड पहुंची और आग को बुझाने की कोशिश की गई।

कई घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्नि दुर्घटना में कितना नुकसान हुआ है यह अभी आकलित नहीं किया जा सका है। दुर्घटना के दूसरे दिन भी बंसाला इंजीनियरिंग पॉवर ट्रैक एलएलपी नामक इस फैक्टरी के संचालक गण एहतियातन अलर्ट रहे और कहीं आग बाकी तो नहीं यह जानने की कवायद चलती रही। दूसरे दिन भी नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया। फैक्टरी के संचालक राकेश अग्रवाल ने बताया कि रविवार तक नुकसान का आंकलन कर लिया जाएगा। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि बरगी रोड पर सालीवाड़ा और बरगी शासकीय आइटीआइ के नजदीक एक ट्रांसफार्मर कंपनी है।

आग लगने की जानकारी तत्काल आइटीआइ के पास निवासी वीरेंद्र यादव ने सरपंच मंजू चौकसे को दी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उरढ बरगी सुनील नेमा के अनुसार यह ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री एसके अग्रवाल की है। अग्नि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। नुकसान का आकलन फैक्ट्री के मालिक व अन्य प्रबंधक कर रहे हैं। बरगी के उमरिया में बिजली सुबह बंद होने से मतदान केंद्र में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब आधे घंटे से ज्यादा वक्त के लिए बिजली की आपूर्ति बाधित रही। एसई नीरज कुचिया ने बताया कि बरगी में एक फैक्ट्री में आग लगने की वजह से सुरक्षा को देखते हुए बिजली का एक फीडर बंद किया गया था। स्थिति काबू में आने के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई।