लगातार दूसरे दिन भी पारा 41.1 डिग्री पर,बढ़ा गर्मी का कोप

जबलपुर। जेठ की तपन अब अच्छी खासी महसूस होने लगी है। दोपहर में सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। रविवार को लगातार दूसरे दिन भी दिन का पारा 41.1 डिग्री पर रहा जो कि सामान्य रहा। यह अब तक के गर्मी के मौसम का सबसे गर्म दिन रहे हैं। प्रदेश में सबसे गर्म खरगौन रहा जहां पर पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं प्रदेश के आधे दर्जन जिलों में लू का प्रकोप भी रहा। प्रदेश में चंबल संभाग के जिलों व रतलाम, धार, ग्वालियर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, खरगौन एवं गुना जिले में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी जिलों में लू चलने की संभावना बताई गई है। इनमें से खरगौन, धार एवं रतलाम में लू का प्रभाव रहा।
पिछले साल आज का दिन और रात थीं काफी गर्म
इस बार की तुलना में गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री था और न्यूनतम तापमान29 डिग्री था। साफ है कि गत वर्ष की तुलना में अभी भी गर्मी कम है। विगत पखवाड़े में मौसम में आए परिवर्तन के चलते जैसी गर्मी पड़नी थी नहीं पड़ी है।
ऐसा रहा मौसम का मिजाज
रविवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। आर्द्रता 30 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशा दक्षिण- पश्चिमी 3 से 4 किमी प्रतिघंटा रही।