मीर जाफर कहने पर भी मोदी की सदस्यता नहीं हुई रद्द: प्रियंका

मीर जाफर कहने पर भी मोदी की सदस्यता नहीं हुई रद्द: प्रियंका

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधीको लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं ने रविवार को महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने एकदिवसीय सत्याग्रह किया। राहुल गांधी के प्रति एकजुटता दिखाने यह संकल्प सत्याग्रह सभी राज्यों और जिलों में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने किया गया। इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरे शहीद पिता का अपमान संसद में किया जाता है। शहीद के बेटे का अपमान किया जाता है, उन्हें मीर जाफर कहा जाता है। मेरी मां का अपमान किया जाता है। आपके मंत्री कहते हैं कि इनके पिता कौन हैं, आपके प्रधानमंत्री गांधी परिवार के लिए कहते हैं कि ये नेहरू उपनाम का इस्तेमाल क्यों नहीं करते। आप पर तो कोई केस नहीं होता, आपकी सदस्यता रद्द नहीं होती।

खड़गे बोले- राहुल गांधी किसी से नहीं डरता

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी न किसी के सामने झुकता है और ना किसी से डरता है। क्या नीरव मोदी ओबीसी हैं, क्या मेहुल चौकसी ओबीसी हैं, क्या ललित मोदी ओबीसी हैं। यह भगोड़े हैं और भगोड़े के बारे में हम बोलें तो आपको दुख होता है।

भाजपा ने कहा- यह कांग्रेस के अहंकार का प्रदर्शन

इधर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि मानहानि के एक मामले में राहुल गांधी को दोषी ठहराए जाने और अदालत के फैसले के परिणामस्वरूप लोकसभा सांसद के रूप में उन्हें अयोग्य करार दिए जाने के बाद कांग्रेस का आंदोलन उसके अहंकार का खुल्लमखुल्ला प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का सच्चाई के लिए लड़ने से कोई लेना-देना नहीं है।