लॉकडाउन में पैसा खत्म, खरीदारों से ज्यादा लोग गहने गिरवी रखने पहुंचे

लॉकडाउन में पैसा खत्म, खरीदारों से ज्यादा लोग गहने गिरवी रखने पहुंचे

भोपाल। हमारे मियां आटो चलाते थे। उनका काम पूरी तरफ से बंद हो गया है घर में कई खर्चे होते हैं। ढाई महीने में पैसे खत्म हो गए। अब पैसे नहीं थे तो मैं अपना सोना गिरवी रखने आई हूं। यह कहना है इमामी गेट स्थित रहने वाली अमीना बी (परिवर्तित नाम) का। शुक्रवार को वह सराफा बाजार में अपने गहने गिरवी रखने पहुंचीं थीं। बोलीं- हम तो परेशान हाल हैं। दरअसल, शुक्रवार को 67 दिन बाद सराफा बाजार खुला था। लेकिन यहां खरीददार नाम मात्र ही थे। अधिकतर लोग अपना सोना- चांदी लेकर गिरवी रखने आए थे। सराफा बाजार स्थित आरपी ज्वेलर्स के प्रोपराइटर आशीष अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन हमने भीड़ की उम्मीद नहीं की थी, लेकिन खरीददारों की जगह सिर्फ गिरवी रखने एवं बेचने वाले पहुंचेंगे, ऐसा भी अनुमान नहीं था। लोगों के काम धंधे बंद हैं, इसलिए लोग खरीदने में इंट्रेस्टेड नहीं हैं। हां, जरूरतमंद गिरवी रखने जरूर आ रहे हैं। अग्रवाल ने बताया कि अभी करीब 3 घंटे में तीन ही रसीद बनाइं हैं। लेकिन यह सिर्फ गिरवी रखने वालों की हैं। हालांकि कुछ दुकानों में वे लोग भी पहुंचे जिन्होंने लॉकडाउन से पहले आर्डर दिया था।

भोपाल में 11 से 5 नहीं, सुबह 7 से शाम 7 तक खुलेंगी दुकानें

व्यापारियों की मांग और गर्मी केतीखे तेवरों के चलते कलेक्टर तरुण पिथौड़े ने भोपाल में बाजार को खोलने के समय में बदलाव कर दिया है। अब बाजार की सभी दुकानें सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक खुलेंगी। पहले इनका समय सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया था। हालांकि दुकानें खोलने के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी जिस दिन जिस दुकान का शेड्यूल होगा वही खुलेगी। कलेक्टर का यह बदला हुआ आदेश भोपाल के शहर के तीनों जोन (नए शहर, पुराने शहर और बैरागढ़, लालघाटी और गांधीनगर) में लागू होगा। कंटेनमेंट एरिया और बफर जोन में दुकानें अभी नहीं खुलेंगी। वैसे दुकानदार चाहते थे कि उन्हें रात 8 बजे तक दुकानें खोलने दी जाएं, लेकिन कलेक्टर ने शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक का कफ्र्यू होने के चलते ये छूट नहीं दी। रेत, गिट्टी, ईट, सीमेंट, लोहा दुकानें 6 दिन खुलेंगी रेत, गिट्टी, ईट, सीमेंट, लोहा सहित अन्य निर्माण कार्य सामग्री बेचने वाली दुकानें अब एक दो दिन नहीं, बल्कि छह दिन खुल सकेंगी। रविवार को ये दुकानें बंद रहेंगी। पहले इन दुकानों को दो जोन नए और पुराने शहर में अलग अलग दिनों में खोलने की अनुमति दी गई थी।