श्रीमान बंटाधार और करप्शन नाथ जी बताइए कितना बजट छोड़ गए थे : शाह

इंदौर। केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने रविवार को मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं के विजय संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर हमला किया। शाह ने 2023 विधानसभा और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए मालवा अंचल से प्रचार अभियान का शंखनाद किया। शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में डेढ़ साल चली कमलनाथ सरकार ने (पूर्ववर्ती) शिवराज सिंह चौहान सरकार द्वारा गरीब कल्याण के लिए शुरू की गईं 51 से ज्यादा योजनाएं बंद कर दीं, ताकि बड़े- बड़े ठेके देकर ठेकेदारों से कमीशन लिया जा सके। वो लोग मध्यप्रदेश का बजट 23,000 करोड़ का छोड़ कर गए थे। वर्ष 2023 में शिवराज सिंह चौहान ने 23,000 करोड़ के सामने 3 लाख 14,000 करोड़ का बजट पेश किया। शाह ने कहा कि गरीब लोगों के लिए किए गए कल्याणकारी कार्यों के कारण आज प्रधानमंत्री मोदी पूरे देश में गरीबों के मसीहा के रूप में जाने जाते हैं।
सभी 29 सीटें जीतना है : शाह
शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह बताता है कि वर्ष 2023 और 24 में हमारी जीत तय है। नरेंद्र मोदी को फिर से भारत का पीएम बनाने के लिए मप्र की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की भी अपील की। शाह ने कहा कि 2019 में भाजपा ने राज्य की 29 में से 28 लोकसभा सीटें जीती थीं। इस बार सभी सीटें जीतना है।
कांग्रेस ने केंद्र की योजनाएं ठप की : शिवराज
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में केंद्र सरकार की योजनाओं को ठप किया। किसान सम्मान निधि नहीं दी, उनके समय दलालों और घूसखोरों का सरकार में बोलबाला था।
हम सुशासन के साथ आगे बढ़े : तोमर
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हमने कभी भ्रष्टाचार से समझौता नहीं किया। हम सुशासन के साथ आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व में भारत की साख बढ़ी है।