दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराकर मुंबई इंडियंस बनी WPL की चैंपियन

दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराकर मुंबई इंडियंस बनी WPL की चैंपियन

मुंबई। मुंबई इंडियन्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के सांस रोक देने वाले फाइनल में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराकर इस टूर्नामेंट का पहला खिताब जीत लिया। कैपिटल्स ने शिखा पांडे (27 नाबाद) और राधा यादव (27 नाबाद) की बदौलत मुंबई के सामने 132 रन का लक्ष्य रखा। मुंबई ने नैटली सिवर-ब्रंट (60 नाबाद) और हरमनप्रीत कौर (37) की धैर्यवान पारियों की बदौलत यह लक्ष्य तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 79 रन पर नौ विकेट गंवा दिए, जिसके बाद शिखा-राधा ने आखिरी विकेट के लिए 24 गेंद पर 52 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कैपिटल्स के कंजूस गेंदबाजों ने एड़ी-चोटी का जोर लगाकर मैच को रोमांचक बनाया, लेकिन नैटली सिवर-ब्रंट की अर्धशतकीय पारी ने मुंबई को जीत दिला दी। नैटली सिवर-ब्रंट ने 55 गेंद पर सात चौकों के साथ नाबाद 60 रन बनाते हुए हरमनप्रीत के साथ 72 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत लक्ष्य तक पहुंचने से पहले आउट हो गई, मगर नैटली सिवर-ब्रंट ने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर विजयी चौका जड़कर मुंबई को ऐतिहासिक डब्ल्यूपीएल खिताब जिता दिया।