नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स घोषित रॉकेट्री बेस्ट फीचर फिल्म घोषित

नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स घोषित रॉकेट्री बेस्ट फीचर फिल्म घोषित

नई दिल्ली। 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं का ऐलान गुरुवार को किया गया। हिंदी फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ ने बेस्ट फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता, जबकि आलिया भट्ट ने ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और कृति सेनन ने ‘मिमी’ में अपनी भूमिकाओं के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार जीता। ज्ञात हो कि ये अवॉर्ड्स 2021 के लिए दिए गए हैं। अल्लू अर्जुन बेस्ट एक्टर बने: दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को तेलुगु फिल्म ‘पुष्पा: द राइज’ (पार्ट-1) के लिए बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय पुरस्कार देने का फैसला किया गया है। बेस्ट डायरेक्टर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मराठी फिल्म ‘गोदावरी’ के लिए निखिल महाजन को दिया गया। पंकज त्रिपाठी को मिमी के लिए बेस्ट सहायक कलाकार और पल्लवी जोशी को ‘द कश्मीर फाइल्स’ के लिए बेस्ट सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। विवेक रंजन अग्निहोत्री के निर्देशन वाली ‘द कश्मीर फाइल्स’ ने राष्ट्रीय एकीकरण पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार भी जीता। दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने के लिए बेस्ट लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार ‘आरआरआर’ के तेलुगु संस्करण को दिया गया है। वहीं बेस्ट चिल्ड्रन फिल्म का अवॉर्ड गांधी एंड कंपनी को दिया गया।