असम में बाढ़ से नौ की मौत, 42 लाख लोग हुए प्रभावित

असम में बाढ़ से नौ की मौत, 42 लाख लोग हुए प्रभावित

गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को और खराब हो गई, इससे तीन बच्चों सहित नौ और लोगों की मौत हो गई जबकि 31 जिलों में 42 लाख से अधिक व्यक्ति प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छह व्यक्ति डूब गए, जबकि तीन व्यक्तियों की भूस्खलन के कारण मौत हो गई। वहीं आठ व्यक्ति लापता हैं। इससे इस साल बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 71 हो गई है। बुलेटिन में कहा गया है कि बाढ़ से कम से कम 42,28,100 लोग प्रभावित हैं। बारपेटा सबसे अधिक प्रभावित जिला है जहां 12.76 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके बाद दरांग में लगभग 3.94 लाख लोग प्रभावित हैं और नगांव में 3.64 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कछार, दीमा हसाओ, गोलपाडा, हैलाकांडी, कामरूप मेट्रोपॉलिटन और करीमगंज से बड़े पैमाने पर भूस्खलन की सूचना मिली है। शनिवार तक राज्य के 27 जिलों में बाढ़ से करीब 31 लाख लोग प्रभावित हुए थे। मौसम कार्यालय ने सोमवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि मंगलवार से गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर गरज चमक या भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा जारी रहने और उसके बाद वर्षा की तीव्रता में कमी की संभावना है।

भारी बारिश, अगले दो दिन स्कूल बंद

आइजोल। मिजोरम सरकार ने पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के चलते रविवार को आदेश दिया कि अगले दो दिन सभी स्कूल बंद रखे जाएं। राज्य में हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन तथा रास्तों और आवासीय क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया कि सोमवार और मंगलवार को प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।

हालात में मामूली सुधार, एक बहा

अगरतला। त्रिपुरा में भारी बारिश नहीं होने से रविवार को बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार देखा गया, लेकिन इस दौरान उफनती कटखल नदी में एक व्यक्ति के बह जाने की आशंका है। अधिकारियों ने कहा कि अगरतला नगर निगम और उसके आसपास के निचले इलाकों में शनिवार को हावड़ा नदी का जलस्तर 10.80 मीटर के खतरे के निशान को पार कर गया था, जो अब चेतावनी सीमा (9.02 मीटर) से नीचे बह रहा है।

06 दिनों से जारी है राज्य में बाढ़ व भूस्खलन का कहर

71 लोग अब तक मारे जा चुके हैं भूस्खलन की घटनाओं में