राष्ट्रपति पुतिन के एक साइन से 88 लाख यूक्रेनी बने रूसी

राष्ट्रपति पुतिन के एक साइन से 88 लाख यूक्रेनी बने रूसी

मास्को। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को यूक्रेन के कब्जाए गए चारों इलाकों को रूस का औपचारिक हिस्सा घोषित कर दिया है। के्रमलिन के सेंट जॉर्ज हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने डोनेट्स्क, लुहान्स्क, जापोरिजिया, खेरसॉन को अपने देश में शामिल करने के आधिकारिक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करते हुए पश्चिमी देशों पर निशाना साधा। इस मौके पर पर उन्होंने यूक्रेन के साथ फिर से बातचीत करने की भी बात कही। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान कब्जे में लिए गए इलाकों पर चर्चा नहीं होगी। वहीं पुतिन के ऐलान के बाद यूक्रेन के इन चार शहरों की करीब 88 लाख आबादी अब रूसी हो गई है। यह समारोह जनमत संग्रह के पूरा होने के ठीक 3 दिन बाद हुआ। इस दौरान पुतिन ने कहा- यह करोड़ों लोगों की इच्छा है।

इन क्षेत्रों पर हमला, रूस पर हमला माना जाएगा

पुतिन ने इन चारों राज्यों में प्रमुखों की नियुक्ति करते हुए कहा कि डोनेट्स्क, लुहान्स्क, जापोरिजिया, खेरसॉन के लोग अब रूसी नागरिक बन चुके हैं। अब अगर इन पर किसी भी देश ने हमला किया तो उसे रूस पर किया गया हमला माना जाएगा। इसके बाद रूस अपने नागरिकों और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी ताकत से जवाब देगा। 7 माह से भी अधिक समय तक चले इस युद्ध को रूस युद्ध नहीं, बल्कि सैन्य अभियान मानता आया है।

अब नाटो की शरण लेंगे यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की

पुतिन के ऐलान के बाद अब यूक्रेन ने नाटो में शामिल होने का फैसला किया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसकी घोषणा करते हुए नाटो गठबंधन में शामिल होने के लिए अपना आवेदन जमा कर दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन स्वतंत्र राष्ट्रों की संपूर्ण सुरक्षा के लिए एक निर्णायक कदम उठाने जा रहा है।

जैसे भारत को लूटा, रूस को भी लूटना चाहते हैं

इस मौके पर राष्ट्रपति पुतिन ने पश्चिमी देशों पर रूस को कमजोर और विघटित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका के लोगों का नरसंहार, भारत और अफ्रीका की लूट, चीन के खिलाफ युद्ध, अफीम युद्ध। पश्चिम ने पूरे देश को ड्रग्स पर निर्भर बनाकर पूरे समूहों का नरसंहार कर दिया। वे जानवरों की तरह लोगों का शिकार करते थे। यही सबके लिए पश्चिमी देश रूस को ‘कॉलोनी’ बनाना चाहते हैं।

1000 रूसी नागरिकों को किया बैन

अमेरिका के बाइडेन प्रशासन ने शुक्रवार को रूस के खिलाफ नए अमेरिकी प्रतिबंधों को लागू किया। बाइडेन प्रशासन के अधिकारियों ने एक प्रेस रिलीज के अनुसार, ट्रेजरी और वाणिज्य विभागों ने रूस के अंदर या बाहर उन संस्थाओं और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाने का एलान किया है, जो रूस को इसके कथित विलय के लिए राजनीतिक या आर्थिक मदद मुहिया कराते हैं। वहीं 1000 व्यक्तियों पर वीजा प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें रूसी संघ की सेना के सदस्य, बेलारूसी सैन्य अधिकारी और रूस के परदे के पीछे से काम करने वाले कुछ गुप्त अधिकारी समेत कई रूसी नागरिक भी शामिल हैं।