सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने उठाया अडाणी का मुद्दा, सरकार ने कहा- वह चर्चा के लिए तैयार

सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने उठाया अडाणी का मुद्दा, सरकार ने कहा- वह चर्चा के लिए तैयार

 नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। इससे पहले सोमवार को सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने अडाणी ग्रुप पर अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का मुद्दा उठाया। इस पर सरकार ने कहा कि वह संसद में नियमों के तहत मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है और सदन सुचारू रूप से चलाने में सहयोग चाहती है। वहीं अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट को साजिश बताया है। ग्रुप ने आरोपों को लेकर 413 पन्नों में अपना जवाब दिया है। जबकि हिंडनबर्ग ने जवाब के बाद पलटवार किया। उसने, राष्ट्रवाद की आड़ में धोखे से नहीं बचा जा सकता है। ज्ञात हो कि रिपोर्ट में अडाणी ग्रुप पर धोखाधड़ी के आरोप लगे थे, जिसके बाद ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई है।

जाति आधारित आर्थिक गणना की मांग

सर्वदलीय बैठक में वाईएसआर कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर जाति आधारित आर्थिक गणना कराने की मांग की। इस विषय पर उसे जदयू, राजद का भी समर्थन मिला। जदयू और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी जाति आधारित जनगणना कराने की मांग की। बिहार में जदयू और राजद महागठबंधन सरकार ने राज्य स्तर पर जाति आधारित गणना शुरू कराई है।

महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने की मांग

बैठक में वाईएसआर कांग्रेस के विजयसाई रेड्डी ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने की भी मांग की है। इस मांग का टीआरएस, तृणमूल कांग्रेस, बीजू जनता दल ने भी समर्थन किया।

चीनी घुसपैठ पर चर्चा से इनकार

बैठक में चीनी घुसपैठ का भी मुद्दा उठा। केंद्र सरकार ने कहा कि चीनी घुसपैठ से संबंधित मामलों पर संसद में चर्चा नहीं की जा सकती, क्योंकि यह देश की सुरक्षा से जुड़ा है। बैठक मेंबहुजन समाज पार्टी ने चीनी घुसपैठ का मुद्दा उठाया और संसद में चर्चा कराने की मांग की।

आठवें स्थान पर खिसके अडाणी : हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का दौर सोमवार को भी जारी रहा। इससे ग्रुप की कंपनियों का मार्केट कैप 65 अरब डॉलर कम हो चुका है। फोर्ब्स के मुताबिक, गौतम अडाणी की नेटवर्थ में मंगलवार को 8.3 अरब डॉलर की गिरावट आई और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में आठवें नंबर पर खिसक गए हैं।

रिपोर्ट भारत के खिलाफ साजिश : अडाणी गु्रप

अडाणी ग्रुप ने जवाब में कहा है कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट हमारे शेयरधारकों और सार्वजनिक निवेशकों की कीमत पर मुनाफाखोरी करने के स्पष्ट इरादे से बनाई गई है। इस रिपोर्ट का असल मकसद अमेरिकी कंपनियों के आर्थिक फायदे के लिए नया बाजार तैयार करना है, जो स्पष्ट रूप से भारतीय कानून के तहत प्रतिभूति धोखाधड़ी का गठन करता है।

सवालों से बचने की कोशिश : हिंडनबग

अडाणी ग्रुप के जवाब पर हिंडनबर्ग ने कहा कि ग्रुप ने जितने भी सवालों के जवाब दिए, वे बड़े पैमाने पर निष्कर्षों की पुष्टि नहीं करते। सवालों से बचने की कोशिश की गई है। हिंडनबर्ग ने कहा कि, ग्रुप हमारी रिपोर्ट को भारत के खिलाफ साजिश बता रहा है, लेकिन ग्रुप अपनी बढ़ती आय को भारत के विकास के साथ जोड़ने की कोशिश कर रहा है।