जॉइनिंग से पहले पीके का इस्तीफा

जॉइनिंग से पहले पीके का इस्तीफा

नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर कांग्रेस में शामिल होने से पहले ही किनारे हो गए। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को ट्वीट कर उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं पर विराम लगा दिया। लिखा - कांग्रेस अध्यक्ष ने एक 'एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप 2024' का गठन किया था और प्रशांत किशोर को ग्रुप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। वे कांग्रेस का हिस्सा नहीं बनेंगे। कुछ दिन पहले ही प्रशांत ने कांग्रेस को 2024 के रोड मैप का प्रेजेंटेशन दिया था। उन्होंने सलाह दी थी कि यूपी, बिहार और ओडिशा में पार्टी को गठबंधन नहीं करना चाहिए, जबकि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल एवं तमिलनाडु में गठबंधन के साथ मैदान में उतराना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को 370 सीटों पर फोकस करने का फॉर्मूला दिया था। उनके सुझावों पर विचार के लिए सोनिया ने 8 सदस्यीय पैनल बनाया था।

कमलनाथ ने कहा था - हम किसी पर डिपेंड नहीं

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पिछले हμते ही प्रशांत किशोर के कांग्रेस में शामिल होने पर संशय जताया था। उन्होंने मीडिया के एक सवाल पर कहा था - ‘हम किसी पर डिपेंड नहीं हैं कि प्रशांत किशोर आएगा नहीं आएगा’। हमारी चुनावी तैयारी 6 महीने पहले से चल रही है। गौरतलब है कि नवंबर 2023 में मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। कमलनाथ ने कहा था कि प्रशांत किशोर कांग्रेस से जुड़ेंगे तो केवल मप्र के लिए नहीं, और प्रदेश भी हैं। हालांकि उन्होंने कहा था कि प्रशांत किशोर के पार्टी में शामिल होने पर लाभ मिलेगा। कहा जा रहा था कि कुछ वरिष्ठ नेता पीके की एंट्री से खुश नहीं थे।

जानकार बोले - सीनियरों को स्वीकार नहीं थे सुझाव

कांग्रेस के कुछ जानकारों का कहना है कि प्रशांत किशोर के सुझाव पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को मंजूर नहीं थे। कुछ नेताओं ने कहा था कि पार्टी प्रशांत किशोर के आयडिया पर निर्भर नहीं है। कुछ नेताओं ने ये भी कहा था कि कांग्रेस को सलाहकार की जरूरत है, लेकिन व्यापारी की नहीं। प्रशांत का अचानक पार्टी से दूरी बनाना दर्शाता है कि पार्टी नेताओं से सामंजस्य में कहीं कोई कमी रह गई।

नरोत्तम मिश्रा का तंज - कांग्रेस डूबता हुआ जहाज

प्रशांत किशोर के इस्तीफे पर मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा - प्रशांत किशोर जी एक योग्य व्यक्ति हैं और कांग्रेस पार्टी डूबता हुआ जहाज है, जिसकी सवारी कोई नहीं करना चाहता है। वैसे भी कमलनाथ जी और दिग्विजय सिंह जी पीके की कांग्रेस में एंट्री से घबरा रहे थे और अब खुश होंगे।

पार्टी की पुरानी समस्याओं को दूर करना जरूरी : पीके मैंने एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप 2024 का हिस्सा बनकर पार्टी में शामिल होने और चुनावों की जिम्मेदारी लेने की कांग्रेस की पेशकश को अस्वीकार कर दिया है। मेरी राय है कि मुझसे ज्यादा पार्टी को नेतृत्व और सामूहिक इच्छाशक्ति की जरूरत है, ताकि परिवर्तनकारी सुधारों के माध्यम से पार्टी के भीतर घर कर चुकी ढांचागत समस्याओं को दूर किया जा सके।