सनातन धर्म पर उदयनिधि के बयान पर सियासत, भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग

राजनाथ ने कांग्रेस पर साधा निशाना, ममता ने किया धर्म का समर्थन

सनातन धर्म पर उदयनिधि के बयान पर सियासत, भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग

जैसलमेर/नई दिल्ली। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर टिप्पणी को लेकर विवाद जारी है। सत्तापक्ष और विपक्षी दलों के बीच कटाक्ष का दौर जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्षी गठबंधन के दल इंडिया को देश से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, भाजपा के तीखे हमलों के बीच कांग्रेस ने सर्वधर्म समभाव की बात कही है। सनातन धर्म पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम के नेता उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर हमला बोलते हुए कहा कि इसमें शामिल लोगों को सनातन धर्म के अपमान के लिए क्षमा मांगनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अशोक गहलोत जैसे कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर ‘मौन’ क्यों हैं।

करंदलाजे ने पद से हटाने की मांग की :

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेत्री शोभा करंदलाजे ने सोमवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मांग की कि वह उदयनिधि को सनातन धर्म के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए तत्काल अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें।

हम सर्वधर्म समभाव में विश्वास रखते हैं : कांग्रेस :

कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमारा रुख स्पष्ट है। सर्वधर्म समभाव कांग्रेस की विचारधारा है। लेकिन, आपको यह समझना होगा कि हर राजनीतिक दल को अपने विचार रखने की आजादी है। हम हर किसी की आस्था का सम्मान करते हैं।

हमें हर धर्म का सम्मान करना चाहिए : ममता :

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं सनातन धर्म का सम्मान करती हूं। हम पूजा पाठ करने वाले पुरोहितों को पेंशन देते हैं। बंगाल में दुर्गा पूजा बड़े पैमाने पर मनाई जाती है। हम मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, चर्च में जाते हैं। मुझे लगता है कि हमें हर धर्म का सम्मान करना चाहिए। हालांकि, मेरा सभी से विनम्र अनुरोध है कि हमें ऐसी कोई भी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, जिससे लोगों के बड़े या छोटे वर्ग को ठेस पहुंचे।

उदयनिधि ने फिर साधा पीएम मोदी पर निशाना :

इधर भाजपा के आरोपों पर उदयनिधि ने कहा, वे सनातन धर्म की आलोचना के बयान पर कायम हैं, लेकिन उन्होंने कभी नरसंहार का आह्वान नहीं किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बचकानी बात कर रहे हैं कि मैंने नरसंहार के लिए कहा है। क्या जब पीएम मोदी कांग्रेस मुक्त भारत कहते हैं तो क्या इसका मतलब है कि कांग्रेसियों को मार दिया जाना चाहिए?

कार्ति और प्रियांक ने किया सपोर्ट :

उदयनिधि के बयान का कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम और कर्नाटक के प्रियांक खड़गे ने समर्थन किया है।