एक दर्जन स्थाई कर्मियों को नियमित करने की तैयारी

जबलपुर। रानी दुर्गावती विवि प्रशासन अपने यहां पर काम करने वाले एक दर्जन स्थाई कर्मियों को नियमितीकरण का तोहफा इस साल देने जा रहा है। इसके लिए विवि के कुलपति के साथ अधिकारियों की टीम नियम- कायदों को खंगालने के साथ प्रस्ताव बनाने में जुटी हुई है। प्रस्ताव को तैयार करने के बाद विवि इस पर मोहर लगाने के लिए अपने यहां पर कार्य परिषद की बैठक में रखेगा। जानकारी के मुताबिक विवि में सालों से स्थाई कर्मी के रूप में 35 कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं लंबे समय बाद इनके नियमितीकरण किए जाने प्रस्ताव तैयार हो पाया है। विवादों से बचने के लिए विवि प्रशासन ने प्रस्ताव बनाने की प्रक्रिया को गोपनीय रखा था, लेकिन 12 कर्मियों के नाम रखे जाने की खबर लगते ही मामला गरम होते हुए नजर आ रहा है।
फंस सकता हैं पेंच
विवि के प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो नियमित करना विवि प्रशासन के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। इसमें 35 में से 12 कर्मचारियों को किस आधार पर चयन किया गया है, इसे लेकर कतार में लगे कर्मी प्रक्रिया पर अभी से सवाल उठा रहे हैं। गौरतलब है कि नियमतिकरण को लेकर चर्चाएं हुई लेकिन हल नहीं निकला।
विवि प्रशासन ने अपने यहां के 35 स्थाई कर्मियों में से 12 को नियमित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव को कार्य परिषद की बैठक में रखा जाएगा। डॉ. दीपेश मिश्रा कुल,सचिव रादुविवि