आज होगा महारानी का अंतिम संस्कार, पूरा ब्रिटेन रहेगा मौन

आज होगा महारानी का अंतिम संस्कार, पूरा ब्रिटेन रहेगा मौन

लंदन। लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सोमवार सुबह होने वाले राजकीय अंत्येष्टि कार्यक्रम के प्रसारण के लिए ब्रिटेन के विभिन्न पार्कों में विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी। महारानी का 8 सितंबर को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। महारानी का पार्थिव शरीर वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है। लंदन में वेस्टमिंस्टर हॉल में एक राजकीय शोक सभा के बाद उनके ताबूत को चैपल में उनकी अंत्येष्टि के लिए ले जाया जाएगा। महारानी की अंत्येष्टि का समय दोपहर 3:30 बजे (भारतीय समयानुसार) निर्धारित है, जिसके घंटेभर चलने की उम्मीद है। इसके बाद दो मिनट के राष्ट्रीय मौन के साथ पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी। महारानी के अंतिम संस्कार में दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत करीब 500 विश्व नेता शामिल होंगे, जिसमें भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत कई नेता भी शामिल होंगे।

पूरे ब्रिटेन में मनाया जाएगा राष्ट्रीय शोक

???? महारानी के अंतिम संस्कार के दिन दो मिनट का मौन रखा जाएगा। राष्ट्रीय शोक दिवस मनाने का चलन फिर से शुरू होने से सार्वजनिक भागीदारी भी बढ़ेगी। इससे जहां बड़ी संख्या में दर्शक टेलीविजन पर अंतिम संस्कार समारोह को देख सकेंगे, वहीं लंदन में निकाले जाने वाले जुलूस मार्ग में लोग बड़ी संख्या में एकत्र होंगे।

???? पूरे ब्रिटेन में कई रिटेलर्स भी व्यापार बंद रखेंगे।

दिवंगत पति प्रिंस फिलिप के बराबर में दफनाया जाएगा...

दिवंगत महारानी का ताबूत वेस्टमिंस्टर एबे से लंदन के वेलिंग्टन आर्च ले जाया जाएगा और वहां से उसका विंडसर का सफर शुरू होगा। सोमवार की शाम को एक निजी शाही रस्म में महारानी को किंग जार्ज षष्ठम मैमोरियल चैपल में उनके दिवंगत पति प्रिंस फिलिप के बराबर में दफनाया जाएगा।

इधर राष्ट्रपति मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि, शोक पुस्तक पर भी किए साइन

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को लंदन के वेस्टमिंस्टर हॉल पहुंचकर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि दी। वह शनिवार को ब्रिटेन के लिए रवाना हुई थीं। श्रद्धांजलि देने के बाद राष्ट्रपति लैंकेस्टर हाउस पहुंचीं। वहां राष्ट्रपति मुर्मू ने महारानी की स्मृति में शोक पुस्तक पर हस्ताक्षर किए। राष्ट्रपति भवन के ट्विटर पर वीडियो शेयर कर लिखा, राष्ट्रपति ने अपनी और भारत के लोगों की तरफ से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।

महारानी के अंतिम संस्कार में ये लोग लेंगे हिस्सा

ब्रिटिश महारानी के अंतिम संस्कार में भारत की तरफ से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, कनाडा के राष्ट्रपति जस्टिन ट्रूडो, श्रीलंका के पीएम रानिल विक्रमसिंघे और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ महारानी के अंतिम संस्कार का हिस्सा बनेंगे। इन सबके अलावा न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न, यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सला वॉन डर लेयन, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोआन भी अंतिम संस्कार में पहुंचेंगे।