रायसेन का 50 गांवों से संपर्क टूटा, बरगी डैम के 19 गेट खुले, 7 जिलों में स्कूल बंद
मप्र के पूर्वी हिस्से में लगातार बारिश, जबलपुर-मंडला में नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर

भोपाल/जबलपुर। मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में पिछले दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। बरगी डैम अपनी पूरी क्षमता के करीब पहुंच गया है। बरगी के 19 गेट खोल दिए गए हैं। बैतूल जिले में सतपुड़ा डैम के सात गेट एकएक फुट खोलने पड़े हैं। छिंदवाड़ा के माचागोरा डैम के 4 गेट खोले गए हैं। जबलपुर में नर्मदा के जलस्तर में 12 फीट की बढ़ोतरी हो गई है। तिलवारा घाट का पुराना पुल डूब गया। रायसेन का 50 गावों से संपर्क टूट गया है। राजधानी भोपाल, बैतूल, मंडला, उमरिया और मलांजखंड में शुक्रवार को आधा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। बरगी डैम के 19 गेट 3.47 मीटर तक खोले गए हैं। इससे नर्मदा के जल स्तर में 10 से 12 फीट तक की बढ़ोतरी हो गई है। भारी बारिश को देखते हुए बालाघाट, उमरिया, अनूपपुर, नरसिंहपुर, डिंडौरी, मंडला और शहडोल जिले के स्कूलों में शनिवार की छुट्टी घोषित कर दी है।
9528 क्यूमेक पानी छोड़ा
बरगी बांध से 6675 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 9528 क्यूमेक किया गया है।
रायसेन का 50 गांवों से संपर्क टूटा :
रायसेन जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। 50 से ज्यादा गांवों का शहर से सड़क संपर्क टूट गया है।
दमोह: सुन्न नदी का पुल टूटा
जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर पिपरिया नवल से लखनी, हिनोती, मझगुंवा, बहेरिया गांव की ओर जाने के लिए सुन्न नदी पर बना छोटा पुल टूट गया। ग्रामीणों का कहना है कि तेज बहाव में पानी आपूर्ति की पाइप लाइन भी बह गई। ग्राम लल्लूपुरा से भी कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया। पटेरा जनपद का संपर्क भी टूट गया है।
8 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए पन्ना, दमोह, निवाड़ी, दतिया, भिंड, मुरैना, विदिशा, रायसेन में रेड अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट:
सीहोर, नर्मदापुरम, अशोकनगर, शिवपुरी, नरसिंहपुर, सागर, जबलपुर, टीकमगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 23 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मोहगांव में 3 बहे, मंडलेश्वर में 8 लोगों को रेस्क्यू किया :
मोहगांव थाना क्षेत्र में उफनते नाले को पार कर रहे तीन लोग बह गए। दो लोगों को बचा लिया गया है। एक महिला लापता बताई जा रही है। महाराजपुर के मंडलेश्वर में बाढ़ में फंसे 8 लोगों को रेस्क्यू कर निकाला गया है।
मंडला में खतरे के निशान से ऊपर नर्मदा:
मंडला में नर्मदा नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे निचले इलाकों के कई गांवों में पानी भर गया है।
टीकमगढ़ के कुंडेश्वर में दो डूबे :
टीकमगढ़ के शिव धाम कुंडेश्वर में शुक्रवार सुबह जमडार नदी में नहाते समय दो युवक डूब गए। विकास (18) और आदेश (19) में से एक युवक का शव निकाल लिया गया है। प्रशासन द्वारा दूसरे की तलाश की जा रही है।
फसलों को नुकसान :
मझगुवां हंसराज से शैलेंद्र सिंह और ग्राम भजिया से राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि अत्यधिक बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। धान की रोपाई खराब होने की ज्यादा संभावना है।