भारत में एक दिन में रिकॉर्ड 29 हजार से ज्यादा पॉजिटिव, वहीं अमेरिका में खुला डिज्नी वर्ल्ड

भारत में एक दिन में रिकॉर्ड 29 हजार से ज्यादा पॉजिटिव, वहीं अमेरिका में खुला डिज्नी वर्ल्ड

नई दिल्ली/वाशिंगटन। भारत में रविवार को कोरोना के 29,089 मरीज मिले। यह आंकड़ा अब तक का सबसे ज्यादा है। कुल पॉजिटिव मरीज 8.79 लाख से ज्यादा हो गए हैं। वहीं,अमेरिका में बीते पांच दिनों से रोजाना 60 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले आ रहे हैं। इसके बावजूद अमेरिका के फ्लोरिडा में स्थित वाल्ट डिज्नी वर्ल्ड का मैजिक किंगडम और एनिमल किंगडम एम्यूजमेंट पार्क खोल दिया गया है। डिज्नी के सभी पार्क इस साल मार्च में महामारी फैलने के बाद बंद कर दिए थे। इससे पहले फ्लोरिडा में कुछ हते पहले डिज्नी के प्रतियोगी युनिवर्सल ऑरलैंडों और सीवर्ल्ड ऑरलैंडों ने भी पर्यटकों के लिए अपने रिजॉर्ट खोल दिए थे। डिज्नी थीम पार्क के चेयरमैन जोश डीमेरो ने कहा कि कोरोना के कारण लगाए लॉकडाउन से कंपनी को तीन महीनों के भीतर 1.4 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं रूस की राजधानी मॉस्को में सोमवार से मास्क पहनना जरूरी नहीं होगा। मॉस्को के मेयर सर्गेइ सोबायनिन ने कहा कि नए मामलों में कमी आने के बाद यह फैसला किया गया है।

रूहानी बोले- पाबंदी लगा सकते हैं, लॉकडाउन नहीं

ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शादी और जनाजे में ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी की प्रवेश परीक्षाएं भी निलंबित कर दी गई हैं। हालांकि रूहानी ने कहा है कि कोरोना रोकने के लिए हम पाबंदियां तो लगा सकते हैं, लेकिन अर्थव्यवस्था के लिए लॉकडाउन लगाने का जोखिम नही उठा सकते हैं।