12 घंटे की झमाझम से सड़कें बदली ताल में,रामाजी का पुरा में धसकी सड़क, कोटेवाले में गिरा मकान
ग्वालियर। ग्वालियर में मानसूनी बारिश के चलते लगभग 12 घंटे की बारिश ने शहर की सड़कों, गली-मोहल्लों को ताल में बदल दिया। आलम यह रहा कि गली मोहल्लों के घरों के अलावा स्कूलों, बाजारों में मॉल-हॉस्पिटल के बेसमेंट सहित अन्य स्थानों पर जबरदस्त जलभराव देखा गया। जिसके कारण सड़कों पर पानी भरने से लोगों को गिरते पड़ते वाहनों को धीमी रफ्तार निकालना पड़ा। वहीं रामाजी का पुरा में सड़क धसक गई, तो कोटेवाले वाले मोहल्ले में जर्जर मकान गिर गया। शुक्रवार की देर रात लगभग 2 बजे से शनिवार की दोपहर 3 बजे तक आसमान पर छाए बादलों से बारिश कभी तेज, तो कभी धीमी होकर लगातार चलती रही।
जिसके बाद लक्ष्मीबाई समाधि के सामने मुख्य मार्ग, बंसत बिहार मुख्य मार्ग, स्टेशन विजय स्तंभ चौराहा, पाताली हनुमान, राजमाता सिंधिया चौराहा, बाल भवन के सामने, मानसिंह प्रतिमा से निगम मुख्यालय मार्ग, पड़ाव चौराहा, शिंदे की छावनी मार्ग, कंपू स्थित बटालियन मुख्य मार्ग, बहोड़ापुर स्थित आरआर टावर के सामने मुख्य मार्ग सहित अनेकों स्थानों पर सड़कों को तालाब में परिवर्तित कर दिया। शहर की अधिकांश सड़कों पर लोगों का अपने घरों से निकलना मुश्किल होता देखा गया है। उल्लेखनीय है कि बारिश से पूर्व निगमायुक्त द्वारा शहरभर के नालों व जलभराव वाले स्थानों की सफाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन बहुत से स्थानों पर अनदेखी का कार्य कराया गया। जिसके बाद हुई बारिश ने सफाई की पोल खोल कर रख दी है और गंदा पानी सड़कों के साथ रहवासी बस्तियों में भरा दिखाई दे रहा है।
जल भराव में इन नंबरों पर करें संपर्क, अधिकारी नियुक्त
जलभराव की स्थिति होने पर नगर निगम द्वारा बनाए गए बाढ़ नियंत्रण कक्ष पर शिकायत दर्ज कराने के लिए कक्ष प्रभारी प्र. सहायक यंत्री राजू गोयल मो. 9406915804 सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, प्र. सहायक यंत्री वेद प्रकाश निरंजन मो. 7693800318 दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक व कर संग्रहक चिम्मल कटारे मो. 6266493480 रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नियुक्त किए गए है। जो शिकायतों के निराकरण हेतु प्रेषित करेंगे।
डीडी नगर सहित आधा दर्जन कॉलोनियों में हुआ जलभराव
ग्वालियर अमृत योजना में सीवर निकासी के लिए करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाने के बाद भी गंदे पानी व सीवर निकासी की सही व्यवस्था नहीं हो पाई है। जिसके चलते वर्षों से पानी भरने वाले स्थानों पर जलभराव की समस्या पर कोई ठोस निवारण नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते हर साल पानी भरने वाले डीडी नगर की अलग-अलग ब्लॉकों में, घरों में, इंटक मैदान, सीपी कॉलोनी सहित अन्य मटके वाली गली, नेहरू कॉलोनी, माधव नगर संगम अपार्टमेंट के पास जबरदस्त पानी भरा देखा गया और लोगों को मजबूरी में उसमें से निकलते देखा गया। निगमायुक्त हर्ष सिंह ने वार्ड क्र. 18 डीडी नगर में जलभराव की सूचना मिलने पर मौका मुआयना कर लोगों से चर्चा की और अधिकारियों को समस्या के निदान के निर्देश दिए।