न्यूजीलैंड से दागा रॉकेट चंद्रपुर में गिरा

न्यूजीलैंड से दागा रॉकेट चंद्रपुर में गिरा

चंद्रपुर (महाराष्ट्र)। शनिवार की रात यानी 2 अप्रैल 2022 की शाम महाराष्ट्र के चंद्रपुर के आसमान से आग के गोले गिरे। पहले तो लोगों को लगा कि ये कोई उल्कापिंड है। लेकिन सुबह जब ग्रामीणों ने धातुओं के कुछ अनजान उपकरण और टूटे-फूटे टुकड़े बरामद किए तो पता चला कि ये किसी रॉकेट का हिस्सा है। इन हिस्सों में 10 फीट व्यास की गोलाई का एक धातु का छल्ला और 40 किलो वजनी बॉल के आकार का यंत्र मिला है। ये लोहे का है। शनिवार शाम करीब 7 बजे के बाद आसमान से उल्कापिंड जैसे आग के गोले जमीन की ओर तेजी से आते दिखे। यह नजारा महाराष्ट्र के कई जिलों से देखा गया। ये जलता हुआ गोला चंद्रपुर जिले के सिंदेवाहि तहसील के लाडबोरी गांव में गिरा। पिछली साल भी चीन का अनियंत्रित रॉकेट न्यूजीलैंड के पास समुद्र में गिरा था। जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी ज्यादा विरोध हुआ था।

रॉकेट में लगा था ब्लैकस्काई इनकॉर्पोरेशन का सैटेलाइट

चंद्रपुर स्काई वॉच ग्रुप के अध्यक्ष प्रो.सुरेश चोपने ने बताया कि शनिवार शाम 6.11 बजे न्यूजीलैंड के माहिया द्वीप से रॉकेट लैब कंपनी द्वारा इलेक्ट्रॉन रॉकेट लॉन्च किया गया था। रॉकेट में ब्लैकस्काई इनकॉर्पोरेशन का सैटेलाइट लगा था। जिसे धरती की निचली कक्षा यानी करीब 430 किमी ऊपर छोड़ा गया। उन्होंने बताया कि यह छल्ला रॉकेट के किसी स्टेज का हिस्सा है। जबकि गोलाकार यंत्र किसी बूस्टर का हिस्सा हो सकता है। वायुमंडल में आने के बाद ये हिस्से जलते हुए गांव में गिरे। गिरने से ये जल भी गए और इनमें कई स्थानों पर टूट-फूट के निशान भी हैं।