देश छोड़ने कुछ भी करने को रूसी तैयार, 22 लाख हुआ प्लेन का किराया

देश छोड़ने कुछ भी करने को रूसी तैयार, 22 लाख हुआ प्लेन का किराया

मास्को। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है और पिछले दिनों रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से न्यूक्लियर वार छेड़ने की धमकी देने और 3 लाख रिजर्व सैनिकों की भर्ती के ऐलान के बाद से ही देश में भारी उथल- पुथल मची हुई है। बड़ी संख्या में लोग रूस छोड़कर भागने की फिराक में हैं। हजारों लोग भागने में कामयाब भी हो गए, लेकिन ऐसे लोगों की संख्या लाखों में है, जो वहां से निकलना चाहते हैं। रूस में जल्द ही युद्ध लड़ सकने वाले पुरुषों के बाहर जाने पर पाबंदी लगा देने की खबरों के बीच अब निजी विमानों में सीटों की मांग में भारी उछाल देखा जा रहा है। देश से बाहर जाने के लिए निजी विमानों की भारी मांग को देखते हुए इन विमानों में एक सीट की लागत अब 20,000 पाउंड से 25,000 पाउंड (करीब 17.45 लाख रुपए से 22.81 लाख रुपए) के बीच पहुंच गई है। इसबीच रूस से बाहर निकलने की कोशिश में ऐसा लंबा जाम लग रहा है, जो स्पेस से भी दिखाई दे रहा है। रूसी-जॉर्जियाई बॉर्डर पर 20 किलोमीटर तक का लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

रूसी राष्ट्रपति की न्यूक्लियर वार की धमकी से बिगडे हालात

80,000 पाउंड से 140,000 पाउंड (69.88 लाख से 1.22 करोड़ रु.) प्लेन का टिकट।

20,000 पाउंड से 25,000 पाउंड (17.45 लाख रु. से 22.81 लाख रुपए) हुआ 8 सीटों वाले प्राइवेट जेट का किराया।

कभी भी रूस बंद कर सकता है अपनी सीमा

रूस भागने की कोशिश में रूसजॉर्जि या बॉर्डर पर जो कजाकिस्तान, फिनलैंड व मंगोलिया जाने का रास्ता है, वहां लंबी कतारें हैं। अभी रूस ने सीमाओं को बंद नहीं किया, लेकिन बिगड़ते हालात को रोकने पुतिन बॉर्डर सील का आदेश दे सकते हैं।

एकतरफा उड़ानों की कीमतें 50 गुना बढ़ीं

निजी जेट फर्म फ्लाईवे के प्रमुख एडुअर्ड सिमोनोव ने कहा, आर्मेनिया, तुर्की, कजाकिस्तान और दुबई के लिए एकतरफा उड़ानों की मांग 50 गुना बढ़ गई है। यूरोपीय संघ के प्रतिबंध से हालत और बिगड़ गए हैं।

प्राइवेट जेट की कीमतें भी आसमान पर

8 सीटों वाले प्राइवेट जेट को किराए पर लेने की कीमत 80,000 पाउंड से 140,000 पाउंड (69.88 लाख से लेकर 1.22 करोड़ रुपए) के बीच है, जो सामान्य रूप से लागत से कई गुना अधिक महंगा है। चार्टर्ड कामर्शियल प्लेन में सबसे सस्ती सीट की कीमत 3,000 पाउंड (2,64,470 रु.) की है।

इधर रूस में जासूसी के आरोप में जापानी राजनयिक गिरफ्तार, आंखों पर पट्टी बांधकर हुई पूछताछ

रूस ने एक जापानी राजनयिक को संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश के आरोप में हिरासत में लिया है। वहीं, जापान ने जासूसी के आरोपों को खारिज कर दिया है। साथ ही रूसी अधिकारियों पर अपमानजनक तरीके से पूछताछ करने का आरोप लगाया और रूस से मामले में माफी की मांग की है। रूसी अधिकारियों के मुताबिक पैसे लेकर संवेदनशील जानकारी लेते हुए व्लादिवोस्तोक में पदस्थ वाणिज्य दूत मोतोकी तत्सुनोरी को रंगे हाथों पकड़ा गया है। वह रूस के बारे में ऐसी जानकारी हासिल कर रहा था, जिसे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में किसी अन्य देश के साथ साझा करने पर रोक है।