ओलिंपिक की तैयारी के लिए साई ने विदेशी कोचों का अनुबंध सितंबर 2021 तक बढ़ाया

नई दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने बुधवार को 11 खेलों के 32 विदेशी कोचों का अनुबंध अगले साल 2021 सितंबर के आखिर तक बढ़ा दिया है। इससे टोक्यो ओलिंपिक के लिए खिलाड़ियों की अभ्यास में निरतंरता बनी रहे। इन 32 में से शीर्ष कोच जैसे मुक्केबाजी में सैंटियागो निएवा और रफाएल बर्गामास्को, पुरूष हॉकी में ग्राहम रीड और निशानेबाजी में पावेल स्मिरनोव शामिल हैं। इनमें से कई कोचों का अनुबंध इस साल सितंबर में समाप्त होना था। राष्टय फुटबॉल कोच इगोर स्टिमक का अनुबंध भी बढ़ा दिया गया, हालांकि इसका ओलिंपिक से कोई लेना देना नहीं है, उन्हें पिछले साल मई में दो साल के कायर्काल के लिए नियुक्त किया गया था। इस महीने के शुरू में खेल मंत्रालय ने कहा था कि सभी विदेशी कोचों के अनुबंध अगले साल सितंबर के अंत तक बढ़ा दिए जाएंगे। साई ने कहा कि यह फैसला टोक्यो ओलिंपिक खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए लिया गया कि वे अपनी ट्रेनिंग जारी रख सकें क्योंकि कोविड-19 महामारी के चलते इन खेलों को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है। कोचों की करार की शर्तें पहले के समान ही रहेंगी साई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी से कहा कि करार की सभी शर्तें पहले की तरह समान हैं। रिजिजू ने पहले घोषणा की थी कि भारतीय और विदेशी कोचों को अब से कम से चार वर्ष या एक ओलिंपिक चक्र तक के लिए अनुबंधित किया जाएगा। इससे निरंतरता सुनिश्चित रहे। चार साल के अनुबंध 2024 और 2028 ओलिंपिक को ध्यान रखते हुए दिए जाएंगे।
खिलाड़ियों की सहुलियत के लिए कोचों को रखा बरकरार
खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा टोक्यो ओलिंपिक के एक साल 2021 के लिए स्थगित होने से कुछ कोचों को बरकरार रखना जरूरी हो गया। इससे खिलाड़ियों को किसी भी तरह से मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़े। एक नए कोच को खिलाड़ी को समझने में समय लगता है। खिलाड़ी को कोच की ट्रेनिंग प्रक्रिया को समझने के लिए समय की जरूरत होती है। हमारे पास इसका समय नहीं है।