2 हजार साल पहले रहने वाली महिला के चेहरे को वैज्ञानिकों ने किया तैयार

2 हजार साल पहले रहने वाली महिला के चेहरे को वैज्ञानिकों ने किया तैयार

रियाद । सऊदी अरब में इतिहासकारों और पुरातत्वविदों की मदद से एक्सपर्ट ने 2 हजार साल पहले रहने वाली एक नबाटियन महिला के चेहरे को तैयार किया है। सऊदी अरब में अब इस प्राचीन महिला के चेहरे को प्रदर्शित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नबाटियन एक प्राचीन सभ्यता का हिस्सा थे। इनका अरब प्रायद्वीप के क्षेत्रों में निवास था। सऊदी अरब ने 2,000 से अधिक साल पहले रहने वाली एक नबाटियन महिला के फिर से बनाए गए चेहरे का अनावरण किया है। इतिहासकारों और पुरातत्वविदों की ओर से कई सालों तक इस पर काम किया गया, जिसके बाद वैज्ञानिकों ने महिला के चेहरे को तैयार किया और अब ये जनता के सामने प्रदर्शन के लिए रखा गया है।

हिनाट के अवशेषों पर आधारित है चेहरा

नबाटियन एक प्राचीन सभ्यता का हिस्सा माने जाते हैं। इनका अरब प्रायद्वीप में निवास था। पेट्रा का प्राचीन जॉर्डन शहर राज्य की राजधानी थी। प्राचीन महिला का फिर से बनाया गया चेहरा हिनाट के अवशेषों पर आधारित है, जिसे यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल हेगरा में एक मकबरे में खोजा गया था। द नेशनल की रिपोर्ट में कहा गया है कि हिनाट के साथ 69 अन्य लोगों के अवशेष मकबरे में पाए गए।

मकबरे में मिलीं हड्डी के टुकड़ों से बनाया चेहरा

विशेषज्ञों ने प्राचीन डेटा का उपयोग करके उसकी एक छवि बनाने के लिए मकबरे में पाए गए हड्डी के टुकड़ों को फिर से बनाया। इसके बाद महिला के चेहरे को तराशने के लिए 3डी प्रिंटर का इस्तेमाल किया गया। वैज्ञानिक इनपुट को कलात्मक स्वभाव के साथ मिलाने के बाद महिला के चेहरे के जटिल निर्माण की प्रक्रिया पूरी की गई। ब्रिटेन स्थित इस परियोजना को रॉयल कमीशन फॉर अलऊला की ओर से वित्तीय मदद मिली थी। परियोजना के निदेशक और पुरातत्वविद लैला नेहमे ने नेशनल ज्योग्राफिक को बताया कि नबाटियन एक रहस्य की तरह हैं, क्योंकि उन्होंने कोई साहित्यिक ग्रंथ या रिकॉर्ड नहीं छोड़ा। विशेषज्ञों ने कहा कि वे जानते थे कि इस परियोजना में मानव अवशेष शामिल हैं, इसलिए इसे सम्मानजनक तरीके से अंजाम दिया गया, जिसमें हिनात की खोपड़ी का कैट स्कैन भी शामिल था।