स्मार्ट सिटी : 2 करोड़ खर्च करने के बाद अटल पथ से काटे जा रहे पाम ट्री

भोपाल। माता मंदिर से जवाहर चौक तक बनाए गए अटल पथ (बुलेवर्ड स्ट्रीट) के सेंट्रल वर्ज और साइड में हरियाली के नाम पर दो करोड़ रुपए खर्च करके पाम ट्री और दूसरी विदेशी प्रजातियों के पेड़- पौधे लगाए गए थे। 1.6 किमी लंबी बुलेवर्ड स्ट्रीट में लगाए गए 400 से ज्यादा पाम ट्री में से 112 ठूंठ में बदल चुके हैं। 185 पेड़ ठीक हाल में हैं। 10 पेड़ों की हालत ऐसी है कि कुछ ही दिनों में ठूंठ बन जाएंगे। बाकी पेड़ गायब हो चुके हैं। इन पेड़ों को लगभग 25,000 रुपए प्रति पेड़ के हिसाब से खरीदा गया था। गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी कंपनी को बुलेवर्ड स्ट्रीट में पेड़ लगाने की अनुमति स्टेट इन्वायर्नमेंट इंपेक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) ने इस शर्त के साथ दी थी कि यहां देसी प्रजातियों (नीम, महानीम, गुलमोहर, मौलश्री या करंज जैसी 17 प्रजातियां) के ही पौधे लगाए जाएंगे। इसमें वन विभाग की सलाह भी ली जानी थी, लेकिन स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों ने पाम ट्री लगा दिए।
अटल पथ पर पाम के पेड़ गिरने की जानकारी नहीं है। आपसे मुझे जानकारी मिली है। संबंधित अधिकारियों से चर्चा के बाद ही कुछ बता सकूंगा। - नितिन दवे, पीआरओ, स्मार्ट सिटी