दामाद ने ससुराल पहुंचकर पत्नी को पीटा, सास-ससुर से की अभद्रता

इंदौर। मल्हारगंज थाना क्षेत्र और चंदन नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में मारपीट के दो मामले सामने आए हैं। इंदिरा नगर में ससुराल पहुंचे एक दामाद ने विवाद के चलते पहले तो सासससुर को गालियां दीं और बाद में पत्नी को बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने बताया कि घटना इंदिरा नगर साल्वी मोहल्ला में हुई। रूपसी नामक महिला की रिपोर्ट पर पति दीपक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। रूपसी ने बताया कि रविवार को वह अपने माता-पिता के घर में थी। तभी पति दीपक हमारे घर पर आया और मेरी मां और पिता को गालियां देने लगा। उसे गाली देने से मना किया तो मेरे साथ मारपीट की और लोहे की किसी चीज से वार कर घायल कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुरानी बात पर मारपीट , पति के खिलाफ दर्ज किया गया प्रकरण
चंदन नगर थाना क्षेत्र में भी एक महिला को पति ने पीट दिया। सन्नो (29) निवासी डायमंड पैलेस कॉलोनी की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति अमजद शाह निवासी तंजीम नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को बताया कि बच्चों के साथ घर पर थी, तभी मेरा पति अमजद घर आया। पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ में मारपीट कर दी। बहन नीलो और आसपास के लोगों ने आकर बीच बचाव किया।