चांद पर चंद्रयान-3 की यादगार लैंडिंग के गवाह बने छात्र, लगे भारत माता की जय के नारे

चांद पर चंद्रयान-3 की यादगार लैंडिंग के गवाह बने छात्र, लगे भारत माता की जय के नारे

ग्वालियर।  चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग चांद पर हो गई। साउथ पोल पर लैंडिंग करने के मामले में भारत ने कीर्तिमान रच दिया है, यह हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है। शहर के स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग देखी और यादगार क्षण के गवाह बने। चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग होते ही छात्रों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। छात्र ही नहीं बल्कि शिक्षक मिशन मून के शुरू होने से लेकर खत्म होने तक टीवी से चिपके रहे। वहीं शहरवासियों ने भी चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग देखी और एक-दूसरे को बधाई दी। शहर में लोगों को मिठाई भी बांटी।

अचलनाथ का भक्तों ने किया विशेष अभिषेक

चंद्रयान-3 सफल हो और चांद पर सफल लैंडिंग हो, इसके लिए शहर भर के मंदिरों में हवन, जाप शुरू हो गए थे। मिशन की सफलता के लिए भगवान अचलनाथ का विशेष अभिषेक किया गया। सामाजिक संगठनों ने भी मिशन की सफलता के लिए पूजा-पाठ की।

गायत्री परिवार ने अखंड जाप एवं गायत्री महायज्ञ किया

शहर के गायत्री शक्तिपीठों, गायत्री प्रज्ञापीठों, गायत्री चेतना केंद्रों एवं गायत्री परिजनों के घर पर अखंड जाप प्रात: 8 बजे से शाम 6:30 बजे तक किया एवं गायत्री महायज्ञ संपन्न किया। गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ओपी गुप्ता एवं व्यवस्थापक कमलेश गुप्ता ने बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार में सभी शक्तिपीठों को आदेश दिया था कि सभी स्थान पर परिजनों के साथ घर पर एवं सभी पीठों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिससे चंद्रयान की सफल लैंडिंग हो सके और भारत इतिहास रच सके।

केएस ग्रुप ऑफ कॉलेज ने की प्रार्थना

केएस ग्रुप ऑफ कॉलेज के समस्त शैक्षणिक, अशैक्षणिक स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में स्थित मंदिर पर चन्द्रयान-3 की चन्द्रमा की सतह पर सायं 6:04 पर सफल लैंडिंग के लिये ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन डॉ. अशोक सिंहह तोमर, ऑफिस इंचार्ज बिंदिया सक्सैना, के.एस.होम्योपैथिक महाविद्यालय के प्राचार्य जी.एस.शर्मा, के.एस.नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य शिवलहरी शर्मा, पवन शर्मा एवं के.एस.एज्युकेशन कॉलेज की प्राचार्या सुरत द्विवेदी, डॉ. अनुराग द्विवेदी, डॉ. अमित श्रीवास्तव एवं अनिल जाट आदि उपस्थित रहे।

चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक लैंड करना हमारे देश के वैज्ञानिकों के लिए बहुत ही अद्भुत खुशी का पल है। इसमें हमारे विद्यालय की छात्र- छात्राओं ने अपने आपको इस देश के नागरिक होने पर गौरवान्वित महसूस किया है। उनके अंदर अत्यंत उत्साह और देश के प्रति समर्पण भाव से कम करने का जज्बा पैदा हुआ है । -अशोक कुमार दीक्षित, प्राचार्य शासकीय उमावि डीआरपी लाइन

चांद पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग देश के हर नागरिक के लिए गौरव की बात है। बड़ी बात यह है चंद्रायान-3 की लैंडिंग उस जगह पर हुई, जहां आज तक कोई देश नहीं पहुंचा है। इसके लिए इसरो की टीम को बधाई। -सुनील माहेश्वरी,अध्यक्ष ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्टर