चीन में अचानक लॉकडाउन, छुट्टी मना रहे 80 हजार लोग फंसे

चीन में अचानक लॉकडाउन, छुट्टी मना रहे 80 हजार लोग फंसे

बीजिंग। चीन में कोरोना वायरस अचानक तेजी से बढ़ने के कारण चीन के लोकप्रिय द्वीप हैनान में 80 हजार पर्यटक फंस गए हैं। द्वीप पर शनिवार को 129 कोविड-19 संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद सान्या में अचानक लॉकडाउन लगा दिया गया। जीरो कोविड पॉलिसी के चलते शहर के लिए उड़ानें और रेल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। ऐसे में 10 मिलियन से अधिक की आबादी वाले शहर सान्या में लगभग 80 हजार पर्यटक फंस गए हैं। सान्या प्रांत को आमतौर पर चीन का हवाई कहा जाता है। शहर के डिप्टी मेयर हे शिगांग के मुताबिक अधिकांश फंसे पर्यटक कम जोखिम वाले इलाके सान्या बे और यालोंग बे में हैं। सान्या प्रांत में ओमिक्रॉन 5.1.3 वैरियंट की पहचान की गई है, जिसके बाद शहर में सभी सार्वजनिक परिवहन शनिवार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि सान्या एयरपोर्ट पर रविवार को सभी उड़ानों को रद्द किया गया।

इधर आंशिक रूप से बंद हुआ यिवू शहर, घरों में रहने की सलाह : इसबीच कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए चीन के झेजियांग प्रांत में सख्त पाबंदियां लगानी शुरू कर दी गई है। चीन के मध्य झेजियांग प्रांत के अधिकारियों ने यिवू शहर में सख्त कोरोना प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर परीक्षण भी किया जा रहा है। यहां के लोगों को सलाह दी गई कि जब तक आवश्यक न हो तब तक यिवू को न छोड़ें और अन्य क्षेत्रों के व्यक्तियों को शहर में प्रवेश न करने के लिए प्रोत्साहित करें।

सभी मनोरंजक स्थल बंद

यिवू में मास टेस्टिंग चल रही है। बस सेवाओं को कम से कम 8 अगस्त तक निलंबित कर दिया गया है। साथ ही इनडोर मनोरंजन और फिटनेस स्थलों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं, करीब 16 उच्च और मध्यम जोखिम वाले क्षेत्रों में स्थानीयकृत लाकडाउन और घर में रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारी प्रभावित समुदायों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगाएंगे और आवाजाही प्रतिबंधों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए इन क्षेत्रों में चौकियों को लागू करेंगे।

2 लाख से अधिक मामले मिले

महामारी की शुरुआत के बाद से चीन में कोरोना के कुल 2,30,886 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि इस दौरान संक्रमण से 5,226 मरीजों की मौत हुई है। जब पूरी दुनिया में वायरस के कारण हाहाकार मचा था, तब चीन में लोगों ने पहले की तरह सामान्य जिंदगी जीना शुरू कर दिया था। अब जब पूरी दुनिया वायरस के प्रकोप को नियंत्रित कर चुकी है, तो चीन में दोबारा मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है।

चीन में कोरोना की स्थिति

कुल केस                   2,30,886

एक्टिव केस              2,009

स्वस्थ हुए                2,23,651

मृतक संख्या            5,226

पिछले 3 दिन में बढ़े केस

दिनांक                  केस
8 अगस्त             390
7 अगस्त             361
6 अगस्त             222