सुबह और दोपहर से पहले शहर तरबतर हुआ

सुबह और दोपहर से पहले शहर तरबतर हुआ

ग्वालियर। जन्माष्टमी के दिन इंद्रदेव शहर पर मेहरबान रहे। बुधवार सुबह झमाझम बारिश हुई। इसके बाद दोपहर से पहले भी वर्षा का एक दौर और आया, जिससे शहर तरबतर हो गया। सड़कों पर पानी भर गया। कई निचली बस्तियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे अंतराल के बाद लगातार दो दिन हुई वर्षा से तापमान में तेजी से गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मंगलवार को भी जोरदार वर्षा हुई थी। बुधवार को जब बिस्तर में थे, तब जोरदार वर्षा हो रही थी। सुबह 8.30 बजे तक 20.6 मिमी वर्षा हो चुकी थी। दोपहर से पहले भी 6 मिमी बारिश हुई। शहर में अब तक 338.1 मिमी बारिश हो चुकी है। दो दिन की वर्षा से पारा भी काफी नीचे आ गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, यह मंगलवार की तुलना में 4 डिसे नीचे आ गया। न्यूनतम तापमान भी गिरकर 25.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।