मुख्य हत्यारा पुलिस के सामने हाजिर, पांचवां साथी भी दबोचा

मुख्य हत्यारा पुलिस के सामने हाजिर, पांचवां साथी भी दबोचा

ग्वालियर। मुरार में रैपिडो चालक इमरान की गोली मारकर हत्या करने वाला कातिल पुलिस के सामने हाजिर हो गया। हत्यारा यूनिवर्सिटी के मिलेनियम प्लाजा पर पुलिस के समक्ष आया, जहां से मुरार पुलिस उसे ले गई। वहीं उसके राइट हैंड को पुलिस ने मंगलवार को बड़ागांव स्थित मोहनपुर हाईवे से गिरफ्तार होना बताया है। ज्ञात हो कि शुक्रवार रात 12वीं कक्षा के छात्र इमरान पुत्र अबरार की अरविंद यादव और उसके साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देकर दबाव बना रही थी।

इसी बीच मंगलवार की दोपहर पुलिस ने हत्यारे अरविन्द के एक अन्य साथी नीशू उर्फ प्रशांत यादव की गिरफ्तारी होना दर्शाया, जिसके बाद इमरान को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी अरविन्द यादव देर रात कुछ लोगों की मध्यस्थता से वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हाजिर हो गया। आरोपी को पुलिस ने मिलेनियम प्लाजा से कस्टडी में लिया जहां से मुरार पुलिस उसे अपनी गाड़ी में बैठा कर ले गई। पुलिस बुधवार को हत्यारे अरविन्द की गिरफ्तारी उजागर कर सकती है।

गर्लफ्रेंड की दोस्ती में ठनी रंजिश

अरविंद से पहले गिरफ्तार हुए नीशू ने बताया कि दुश्मनी एक लड़की को लेकर शुरू हुई थी। तब दो गुटों में ठनी और सब आमने-सामने आ गए। हत्या के दिन उसे बड़ी वारदात का अंदाजा तो था, लेकिन यह नहीं पता था कि मौत इमरान की हो जाएगी।

इस तरह दिया हत्या को अंजाम

हत्या के दिन इमरान खां के दोस्त आयुष राजावत का जन्मदिन था, जिसमें इमरान, गोलू सहित 30 अन्य दोस्त एकत्रित हुए थे। आयुष और आरोपी अरविन्द यादव के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, उसी दौरान अरविन्द के बुलावे पर वह लोग वहां पहुंचे, इसी दौरान हाथापाई हुई, तभी अरविन्द ने गोली से फायर कर दिया। गोली इमरान के सिर पर लगी और वह मौके पर ही मृत हो गया, जिसके बाद अरविन्द और उसके साथी वहां से भाग निकले।