आज पाकिस्तान से बाहर होंगे 17 लाख अवैध प्रवासी

आज पाकिस्तान से बाहर होंगे 17 लाख अवैध प्रवासी

इस्लामाबाद। अफगानिस्तान के 17 लाख नागरिकों समेत सभी अवैध प्रवासियों के पाकिस्तान छोड़कर जाने की समयसीमा नजदीक आने पर अंतरिम गृहमंत्री सरफराज बुगती ने कहा कि अगर ये परदेसी खुद देश छोड़कर नहीं जाते हैं तो कार्यवाहक सरकार उन्हें चरणबद्ध तरीके से निकालना शुरू करेगी। पाकिस्तान ने इस महीने अवैध प्रवासियों के देश छोड़कर जाने के लिए 31 अक्टूबर की समयसीमा की घोषणा की थी। यह समय सीमा 1 नवंबर को खत्म होगी। पाकिस्तान इसके लिए अफगानिस्तान से आए लोगों को टारगेट कर रहा है। सबसे ज्यादा अवैध प्रवासी पाकिस्तान में अफगानिस्तान से आए हैं, जिनकी संख्या 17 लाख है। पाकिस्तान में हाल के दिनों में बम धमाकों के बाद ये फैसला लिया गया। बुगती ने कहा कि 1 नवंबर के बाद सरकार परदेसियों को चरणबद्ध तरीके से निकालने का अपना अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिन में 20,000 से अधिक अवैध विदेशी पाकिस्तान छोड़कर चले गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रांतीय सरकारें अवैध विदेशियों के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा, मंडल और जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है।

इस तरह निकाला जाएगा देश से बाहर

अवैध विदेशी नागरिकों को चरणबद्ध तरीके से निकाला जाएगा और पहले चरण में उन लोगों को उनके देश भेजा जाएगा, जिनके पास कोई यात्रा दस्तावेज नहीं है।

  1. अवैध प्रवासियों को सरकार की ओर से बनाए गए अस्थायी केंद्रों में ले जाया जाएगा। इनमें से कई प्रवासी सालों से पाकिस्तान में रह रहे हैं।
  2. पाक सरकार ने भू-मानचित्रण (जियो मैपिंग) का काम पूरा कर लिया है और जहां कहीं भी अवैध विदेशी नागरिक होंगे, उनका पता लगा लिया जाएगा।

पाकिस्तान में 44 लाख अफगानी निवासरत

दोनों देशों के बीच 2,611 किलोमीटर की सीमा है। इस सीमा का बड़ा हिस्सा खुला है। ऐसे में बड़ी संख्या में अफगानिस्तान से भागकर लोग पाकिस्तान पहुंच जाते हैं। पाकिस्तान के मुताबिक उनके देश में 44 लाख अफगानी रहते हैं। इनमें से 17 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। 24 लाख अफगानी लोगों को पाकिस्तान सरकार ने रिμयूजी का दर्जा दिया है। ऐसे लोगों को आईडी कार्ड दिए गए हैं। वे बैकिंग और स्कूलिंग जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं। इन रजिस्टर्ड लोगों पाकिस्तान से निकाला नहीं जाएगा।

अवैध प्रवासियों को रखने के लिए बनाए गए हैं शिविर 

समयसीमा खत्म होने के बाद अवैध प्रवासियों को रखने के लिए केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर अवैध विदेशी नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। साथ ही रजिस्टर्ड लोगों को देश से नहीं निकाला जाएगा। -सरफराज बुगती, अंतरिम गृहमंत्री, पाकिस्तान

अवैध विदेशियों पर लागू है प्रत्यर्पण योजना

पाकिस्तान सरकार बुधवार से चरणबद्ध तरीके से विदेशियों को बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू करेगी। प्रत्यर्पण योजना पाकिस्तान में रह रहे सभी अवैध विदेशियों पर लागू होती है, चाहे उनकी कोई भी नागरिकता हो। - मुमताज जहरा बलोच, प्रवक्ता, पाक विदेश मंत्रालय