आज शाम सात बजे से सात दिन के लिए टोटल लॉक डाउन

आज शाम सात बजे से सात दिन के लिए टोटल लॉक डाउन

ग्वालियर। शहर में आज शाम सात बजे से सात दिन के लिए टोटल लॉक डाउन (कर्फ्यू) कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने घोषित कर दिया है। जिला प्रशासन ने यह आदेश शहर में बढ़ रहे संक्रमित मरीजों को देखते हुए लिया है। इसे लेकर ही सोमवार की शाम आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में एक सप्ताह के लॉक डाउन को लेकर सहमति बनी थी।

सभी गतिविधियां रहेंगी बंद

कलेक्टर के आदेश के तहत सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गतिविधियां भी लॉक डाउन के दौरान बंद रहेंगी। इससे उपचुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ा रहे भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों को तगड़ा झटका लगा है।

इसलिए घबराया प्रशासन

सोमवार को 191 संक्रमित मरीजों की सूची देखकर प्रशासन घबरा गया। इसीलिए दो दिन की छूट देने की जगह तुरंत मंगलवार की शाम से ही टोटल लॉक डाउन का आदेश जारी कर दिया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने दो टूक कहा कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए लॉक डाउन जरूरी है। साथ ही यह भी जरूरी है कि शहरवासियों को लॉक डाउन के बारे में पहले से सूचना दी जाए ताकि वे घर गृहस्थी का सामान खरीदकर रख सकें। कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने कहा कि सबकी राय से तैयार प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। दो दिन के लिए शहरवासियों को घर की व्यवस्था बनाने के लिए अनुमति भी मिलेगी। बैठक में कर्ई अन्य अधिकारी और सदस्यों ने भी अपनी राय रखी। कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा बोले अनलॉक 1 और 2 में जिंदगी को पटरी पर लाने की जद्दोजेहद में जुटे गरीब मजदूर अगर लॉक डाउन में धकेले जाएंगे तो वे क्या खाएंगे और कैसे कमाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले इनकी चिंता होना चाहिए। उन्होंने गणेश प्रतिमाओं के मूर्तिकार और मोहर्रम के लिए बनाए जा रहे ताजियों का क्या होगा? पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल और चेंबर के मानसेवी सचिव प्रवीण अग्रवाल ने भी लॉक डाउन से असहमति जताई और कहा कि इससे क्या कोरोना रुक जाएगा?

आवश्यक सुविधाओं को रहेगी छूट

संभावित लॉक डाउन में अत्यावश्यक सुविधाओं के लिए कई चीजों में छूट रहेगी। मेडिकल स्टोर और हॉस्पिटल खुलेंगे । दूध,टोस्ट, ब्रेड और अंडे के आउटलेट भी बिक्री के लिए सुबह नौ बजे तक ही खोले जाएंगे।

सभी सीमाएं रहेंगी सील

आने-जाने की छूट नहीं टोटल लॉक डाउन (कर्फ्यू) घोषित होते ही ग्वालियर जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया है। भिंड,मुरैना, शिवपुरी, दतिया से सटी सीमाओं की चौकियों को भी अलर्ट किया गया ह ै।