टेबल टेनिस में कर्नाटक की यशस्विनी, खो- खो में प. बंगाल और वॉलीबॉल में गुजरात ने मारी बाजी

टेबल टेनिस में कर्नाटक की यशस्विनी, खो- खो में प. बंगाल और वॉलीबॉल में गुजरात ने मारी बाजी

भोपाल। खेलो इंडिया यूथ गेम्स (मध्य प्रदेश)- 2022 की शुरुआत हो गई है। 11 फरवरी तक चलने वाले इन खेलों के पहले दिन सोमवार को तीन आयोजन स्थलों पर तीन खेलों से जुड़े मुकाबले खेले गए। इंदौर के अभय प्रशाल में जारी टेबल टेनिस मुकाबलों में लड़कियों के वर्ग में टॉप डेवलपमेंट एथलीट कर्नाटक की यशस्विनी घोरपड़े ने एक कठिन मैच में हरियाणा की पृथोकी चक्रवर्ती 3-1 (11-6, 12-10, 11-13, 11-9) से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। लड़कों के वर्ग में उप्र के शरथ मिश्रा और महाराष्ट्र के नील मुलये के बीच पांच गेम तक चले मुकाबले के बाद जीत हासिल की।

जबलपुर : खो-खो में पश्चिम बंगाल और ओडिशा की जीत

तरह जबलपुर के रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जारी खो- खो मुकाबलों में लड़कों के वर्ग में पश्चिम बंगाल और ओडिशा ने जीत हासिल की, जबकि लड़कियों के वर्ग में पंजाब, कर्नाटक और महाराष्ट्र को जीत मिली। इसके अलावा भोपाल साई रीजनल सेंटर इंडोर हाल में जारी वालीबाल मुकाबलों में लड़कियों के वर्ग में हरियाणा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु ने, जबकि लड़कों के वर्ग में गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश ने जीत हासिल की। खो खो में लड़कों के वर्ग में पश्चिम बंगाल ने मध्य प्रदेश को 24-20 (24-10, 0-10) से हराया, जबकि ओडिशा ने छत्तीसगढ़ को 36-22 (18- 8,18-14) से मात दी। इसी तरह महाराष्ट्र ने तेलंगाना को 28-24 (28-14, 0-10) से हराया और दिल्ली ने आंध्र प्रदेश को 30-26 (22-14, 8-12) से हराया। लड़कियों के मुकाबलों में पंजाब ने मध्य प्रदेश को 32-12 (32-6, 0-6) से हराया जबकि कर्नाटक ने पश्चिम बंगाल को 30-28 (20- 12,10-16) से मात दी। इसी तरह महाराष्ट्र ने तमिलनाडु को 36-18 (36-8,0-10) से हराया।

इंदौर : टेबल टेनिस में हरियाणा की सुहाना जीतीं

इंदौर के अभय प्रशाल में जारी टेबल टेनिस मुकाबलों में लड़कियों के एकल वर्ग के ग्रुप-ए के पहले मुकाबले में हरियाणा की सुहाना सैनी का सामना पश्चिम बंगाल की ओएशिकी जोआरदार से हुआ। इसमें सुहाना ने 3-0 से बाजी मारी। इसी तरह ग्रुप-एक के एक अन्य मुकाबले में तमिलनाडु की श्रीया आनंद का सामना महाराष्ट्र की प्रिथा वर्तीकर से हुआ, जिसमें प्रिथा ने 3-0 से बाजी मारी। लड़कियों के वर्ग में तीसरा मुकाबला ग्रुप-बी में हरियाणा की पृथोकी चक्रवर्ती और टॉप्स डेवलपमेंट एथलीट कर्नाटक की यशस्विनी घोरपड़े से हुआ। इस मुकाबले को यशस्विनी ने 3-1 से जीता। फिर ग्रुप-बी के मुकाबले में महाराष्ट्र की जेनिफर वर्गीज का सामना मप्र की भाग्यश्री दवे से हुआ, जिसमें जेनिफर ने 3-0 से बाजी मारी। इसी क्रम में ग्रुप-सी का पहला मैच महाराष्ट्र की रिषा मीरचंदानी और तमिलनाडु की सुरिया निहाल के बीच हुआ। इसमें रिषा ने 3-0 से जीत हासिल की। ग्रुप-सी में ही कर्नाटक की अर्नग्या मंजूनाथ का सामना दमन एवं दीव की अनुष्का चौहान से हुआ, जिसमें अर्नग्या ने 3-0 से जीत हासिल की। इसी तरह ग्रुप-डी के मैच में महाराष्ट्र की तनीषा कोटेचा ने कर्नाटक की तृप्ती पुरोहित को 3-2 से हराया। लड़कियों के वर्ग में दिन का अंतिम मैच ग्रुप-डी का था, जिसमें दिल्ली की लक्षिता नारंग ने अरुणाचल प्रदेश की मीहू अबीमे को 3-0 से हराया। लड़कों के मैचों में ग्रुपसी में पश्चिम बंगाल के सौम्यदीप सरकार ने दमन एवं दीव के धारिया टांडेल को 3-0 से हराया, जबकि इसी ग्रुप में उप्र के शरथ मिश्रा ने महाराष्ट्र के नील मुलए को 3-2 से हराया। इसी तरह दिल्ली के आदर्श छेत्री ने भी जीत हासिल की। आदर्श ने ग्रुप-डी के पहले दौर के मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश के तार माप को 3-0 से हराया।

पीएम मोदी का जो फिट इंडिया का विजन से खेलो इंडिया की शुरुआत :यशोधरा

खेलो इंडिया की शुरूआत में अभिलिप्सा पांडा ने ‘हर-हर शंभु’ गाया तो पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। इसके बाद मप्र की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का जो फिट इंडिया का विजन है, उसी से खेलो इंडिया यूथ गेम्स और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की शुरुआत हुई। मप्र की यशगाथा में खेलों का नया अध्याय शुरू हो रहा है। यशोधरा ने कहा कि शोर होना जरूरी है। आप अपने कामों से भी शोर मचा सकते हैं। अपनी उत्कृष्टता से भी शोर मचा सकते हैं।

भोपाल : वॉलीबॉल में गुजरात ने दिल्ली को 3-0 से हराया

भोपाल। राजधानी के टीटी नगर स्टेडियम में सोमवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पांचवें संस्करण की ओपनिंग सेरेमनी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन खेलों के शुभारंभ का एलान किया। इस दौरान मंच पर उनके साथ खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, खेल राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक और मध्य प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर निखत जरीन और 3000 मीटर स्टीपलचेज के स्टार एथलीट अविनाश साबले भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में गायिका नीति मोहन और अभिलप्सा पांडा ने प्रस्तुति दी। इसके अलावा दक्षिण भारत के प्रसिद्ध ड्रम्स शिवामणि और ग्रुप द्वारा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की प्रस्तुति 100 लोक कलाकारों के दल द्वारा दी गई। खेलो इंडिया के गेम्स 11 फरवरी तक मप्र के अलग-अलग शहरों में खेला जाएगा, जिसमें कुल 27 खेल पूरे देश से लगभग 6,000 से ज्यादा प्रतिभागियों भाग लेंगे। भोपाल साई रिजनल सेंटर के इंडोर हाल में जारी वॉलीबॉल में लड़कों के मुकाबले गुजरात ने दिल्ली को 3-0 हराया, जबकि तमिलनाडु ने मध्यप्रदेश को 3-0 से हराया। इसी तरह लड़कियों के मुकाबलों में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 3-2 से और पश्चिम बंगाल ने कर्नाटक को 3-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। तमिलनाडु को भी जीत मिली। उसने मध्य प्रदेश को 3-0 से हराया।