यूपी में योगी 2.0 शुरू, दो डिप्टी सीएम समेत 52 मंत्रियों की शपथ

यूपी में योगी 2.0 शुरू, दो डिप्टी सीएम समेत 52 मंत्रियों की शपथ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने वाले योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 49 वर्षीय योगी आदित्यनाथ को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। योगी के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों समेत कुल 52 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें 18 कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार के 14 राज्य मंत्री और 20 राज्य मंत्री शामिल हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने लगातार दूसरी बार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पिछली बार डिप्टी सीएम रहे दिनेश शर्मा को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली। उनकी जगह कानून मंत्री रहे ब्रजेश पाठक को डिप्टी सीएम बनाया गया। कन्नौज से पहली बार विधायक बने असीम अरुण भी मंत्री बनाए। वे मप्र में पीएस स्कूल शिक्षा रश्मि अरुण के भाई हैं।

मोहसिन रजा की जगह दानिश आजाद

पिछली बार मंत्री रहे मोहसिन रजा को इस बार मौका नहीं मिला है। राज्य मंत्री के रूप में नया चेहरा दानिश आजाद अंसारी को शामिल किया गया है। दानिश अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। सिख समाज के बलदेव सिंह औलख दोबारा मंत्री बने।

सिर्फ 5 महिलाएं मंत्री : योगी कैबिनेट में इस बार भी पांच महिलाओं को शामिल किया गया है। कुल 52 मंत्रियों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस तरह केवल नौ फीसदी पद महिलाओं को मिले।