योगी ने लगातार 6 साल यूपी के सीएम बने रहने का बनाया रिकॉर्ड

योगी ने लगातार 6 साल यूपी के सीएम बने रहने का बनाया रिकॉर्ड

सेंट्रल डेस्क/पीपुल्स समाचार। योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तर प्रदेश में लगातार 6 साल तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड बना लिया। वह इस मौके पर अयोध्या पहुंचे और हनुमानगढ़ी के संकट मोचन हनुमान जी और रामलला के दर्शन किए। 2017 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से सत्ता में आने के बाद भाजपा ने योगी को सीएम बनाया था। उन्होंने 19 मार्च, 2017 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को दोबारा बहुमत मिलने के बाद योगी ने 25 मार्च, 2022 दूसरी बार सीएम बने। रविवार को उन्होंने अपने कार्यकाल के 6 साल पूरे किए। इससे पहले योगी ने शनिवार को काशी में बाबा विश्वनाथ दरबार में मत्था टेका था और काल भैरव के दर पर भी पहुंचे थे।

लगातार छह साल नहीं रहा कोई सीएम

दरअसल, उत्तर प्रदेश में अब तक कोई भी मुख्यमंत्री लगातार 6 वर्ष तक सत्ता में नहीं रहा। योगी आदित्यनाथ से पहले डॉक्टर संपूर्णानंद के नाम सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड था। उन्होंने 28 दिसंबर 1954 को पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 1957 तक रहा। उन्होंने दोबारा 10 अप्रैल 1957 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और 6 दिसंबर 1960 तक वह इस पद पर रहे। यानी वह लगातार 6 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए थे। इसमें कुछ दिन बाकी रह गए थे।

राममंदिर का 70 प्रतिशत काम हो चुका है पूरा

रविवार को योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति जानी। मंदिर ट्रस्ट के चंपत राय ने मुख्यमंत्री को निर्माण से जुड़ी जानकारी दी। योगी आदित्यनाथ ने यहां काम कर रहे मजदूरों से भी हालचाल पूछा। मंदिर का 70 फीसदी निर्माण पूरा कर लिया गया है। वहीं इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या में नवनिर्मित श्री रामनाम स्तूप और श्री रामलला भवन का लोकार्पण भी किया।