गुड्डू के बाद भाजपा नेता बालेंदु शुक्ल ने कांग्रेस का दामन थामा

भोपाल। मालवा क्षेत्र के पूर्व सांसद और भाजपा नेता प्रेमचंद गुड्डू के बाद अब ग्वालियर क्षेत्र से भाजपा नेता बालेंदु शुक्ल ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। शुक्ल शुक्रवार को पीसीसी अध्यक्ष कमल नाथ के निवास पर पहुंचे और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उनके अलावा सपा से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे सेवानिवृत्त डीएसपी सुरेश सिंह ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बालेंदु शुक्ल ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी और निरंकुश नीतियों के कारण उन्होंने भाजपा छोड़ी है। भाजपाई स्वार्थ की राजनीति करते हैं और इस कारण मैं बहुत आहत हुआ हूं। मैं निष्ठा के साथ कार्य करूंगा। नाथ ने दोनों नेताओें का स्वागत किया । इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, एनपी प्रजापति, सज्जन सिंह वर्मा, विजय लक्ष्मी साधौ, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, रामनिवास रावत, अशोक सिंह आदि उपस्थित थे।
अब उमा समर्थक नरेंद्र बिरथरे पर कांग्रेस की नजर
कांग्रेस 24 सीटों पर होने वाले उपचुनावों को लेकर रणनीति पर काम कर रही है। इन चुनावों में पार्टी के रणनीतिकार भाजपा के असंतुष्टों को लुभाने में लगे हैं। खासकर उन भाजपा नेताओं को जो ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में आने के बाद बागी तेवर अपनाए हुए हैं। इनमे नरेंद्र बिरथरे प्रमुख हैं। बिरथरे शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं।
निर्धन वर्ग आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं शुक्ल
स्व.माधवराव सिंधिया के बाल सखा रहे बालेन्दु शुक्ल ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ पटरी नहीं बैठ पाने से सालों पहले कांग्रेस छोड़ बसपा में शामिल हो गए थे। बाद मेें भाजपा में शामिल हो गए। पिछली शिवराज सरकार ने उन्हें मप्र राज्य निर्धन वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाया था। उन्होंने कई सुझाव भी दिए, लेकिन सरकार ने ज्यादा तवज्जो नहीं दी।