दिनभर छाए रहे बादल रात तक नहीं हुई बारिश

जबलपुर। सुबह से छाए घने बादलों को देखकर हर कोई यही सोच रहा था कि बारिश अब हुई कि तब हुई। दिन भर केवल इंतजार ही हाथ रहा और एक बूंद बारिश नहीं हुई। पूरे प्रदेश में हो रही झमाझम बारिश केवल जिले को ही अंगूठा दिखा रही है। मौसम विभाग का इस बारे में कहना है कि मानसून की सक्रियता तो बनी है मगर आसपास के जिलों तक यह बरस रहा है,शहर व अंचल में कभी भी यह सक्रिय हो सकता है। इस इंतजार में 3 दिन बीत चुके हैं। इस बार कहा जा रहा था कि मानसून 15 जून को बिलकुल सही समय पर आया है। प्रदेश में कई जगह बारिश भी हुई मगर जिले में केवल प्रतीकात्मक बारिश ही हो पाई है। बुधवार को सुबह से घने छाए बादलों और शीतल हवाओं से लगा कि बारिश होगी मगर शाम व रात का काफी हिस्सा बीतने के बाद भी बारिश नहीं हुई।
ऐसा रहा बुधवार को मौसम का मिजाज
बुधवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा जो कि सामान्य रहा। आर्द्रता 72 प्रतिशत रही। सूर्योदय सुबह 5.25 व सूर्यास्त शाम6.58 बजे हुआ। हवाओं की दिशा दक्षिण पश्चिमी 5 किमी प्रति घंटे रही। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में संभाग में अनेक स्थानों पर वर्षा व गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है।