अमेजन के जेफ बेजोस पहले, जकरबर्ग चौथे सबसे अमीर शख्स

नई दिल्ली। फोर्ब्स के शीर्ष दस धनकुबेरों की सूची में अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस पहले स्थान पर है। उनके पास करीब 160 अरब डॉलर की संपत्ति है। इसके बाद माइक्रोसॉट के बिल गेट्स का स्थान आता है। फेसबुक के मार्क जकरबर्ग 87.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। जकरबर्ग शीर्ष 10 धनाढ्यों की सूची में सबसे कम उम्र के हैं। भारत से एकमात्र व्यक्ति रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस सूची में नौवें स्थान पर हैं।
अमेरिकियों का दबदबा, चीन से एक भी पहले दस में नहीं
दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की फोर्ब्स की इस सूची में अमेरिका के उद्योगपतियों का दबदबा है। सूची में शीर्ष 10 लोगों में सात उद्योगपति अमेरिका से हैं। इस सूची में भारतीय उद्योगपति रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी एकमात्र एशियाई व्यक्ति हैं। शीर्ष दस धनाढ्यों में फ्रांस और स्पेन के भी एक-एक उद्योगपति शामिल हैं। सूची की खास बात यह है कि इसमें चीन का एक भी अरबपति पहले 10 लोगों में शामिल नहीं है। चीन के मा हुआतेंग इसमें 19वें स्थान पर स्थान बना सके हैं।
अंबानी की कंपनी भारत में सबसे धनवान
फोर्ब्स की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक मुकेश अंबानी भारत की सबसे अधिक मूल्यवान कंपनी का नेतृत्व करते हैं। अंबानी के पास यूनिवसिर्टी आफ बॉम्बे से बैचलर आफ साइंस इन इंजीनियरिंग की डिग्री है। गौरतलब है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर की कीमत शुक्रवार को 1788 रुपए के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गई थी। जियो प्लेटफॉर्म्स में हाल में आए भारी निवेश की वजह से 63 वर्षीय मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति साढ़े 64 अरब डॉलर के करीब पहुंच गई।