हथिनी की मौत पर देश में फूटा गुस्सा, केंद्र ने कहा-नहीं बख्शे जाएंगे दोषी

हथिनी की मौत पर देश में फूटा गुस्सा, केंद्र ने कहा-नहीं बख्शे जाएंगे दोषी

मुंबई। केरल के मल्लपुरम में एक हथिनी की मौत पर पूरे देश में गम और गुस्सा है। केंद्र सरकार ने इसका संज्ञान लिया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर कहा कि मल्लपुरम में हथिनी को मारने की घटना को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। गुनहगारों को पकड़ने और जांच में हम कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। पटाखे खिलाकर मार देना भारतीय संस्कृति नहीं है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अधिकारियों को ये हथिनी 25 मई को मृत मिली थी। 27 मई को नदी में खड़े-खड़े उसने दम तोड़ दिया था। मीडिया में आने के बाद यह मामले पर बड़ी हस्तियों सहित आम लोगों की भी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। फिल्मी और खेल हस्तियों सहित कई लोगों इस दुख जताया है। गौरतलब है कि केरल के मलप्पुरम जिले में कुछ स्थानीय लोगों ने एक गर्भवती भूखी हथिनी के साथ बर्बरता की। उन्होंने उसे पटाखों से भरा अनानास खिला दिया। मुंह में पटाखे फटने लगे और इसके बाद हथिनी की मौत हो गई। इस मामले में अमिताभ बच्चन की चुप्पी पर भी लोगों ने उनकी खिंचाई की।

सीएम विजयन बोले-लोगों की चिंताएं व्यर्थ नहीं जाएंगी...

घटना पर केरल के सीएम पिनराई विजयन ने ट्वीट कर कहा कि हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि आपकी चिंताएं बिल्कुल व्यर्थ नहीं जाएंगी। हर हाल में न्याय की जीत होगी। इस घटना पर एक एनजीओ ने हत्यारों की सूचना देने पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।