दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह विधानसभा सीट पर उप चुनाव हो रहा है। बुधवार को यहां इमलिया गांव में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जनसभा करने के लिए पहुंचे। कमलनाथ ने ग्रामीणों को संबोधित किया, इसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। मौके पर डाॅक्टर को बुलाया गया। जिला अस्पताल में ह्दय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रहलाद पटेल ने उनका चेकअप किया। कमलनाथ ने डॉ. पटेल को बताया कि उन्हें कमजोरी महसूस हो रही है।
जिला कांंग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनु मिश्रा ने बताया कि कमलनाथ को कमजोरी महसूस हुई थी, इसलिए मौजूद डॉक्टर से उनका चेकअप कराया गया था, उसके बाद वह हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना हो गए।
दमोह में 17 अप्रैल काे विधानसभा के उपचुनाव में मतदान होगा। इसी सिलसिले में चुनाव प्रचार करने के लिए कमलनाथ बांदकपुर धाम पहुंचे। यहां पहले उन्होंने भोलेनाथ के दर्शन कर अभिषेक किया और फिर जनसभा को संबोधित किया। बाद में वह इमलिया गांव पहुंचे।
जागेश्वर धाम में कमलनाथ और बीडी शर्मा आमने-सामने आए
गुरुवार सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ बांदकपुर पहुंचे। यहां उन्होंने जागेश्वर नाथ धाम मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। जब वह मंदिर में प्रवेश कर रहे थे तभी मंदिर के मुख्य द्वार से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा दर्शन कर बाहर निकल रहे थे। दोनों का आमना-सामना हुआ तो दोनों ने एक दूसरे से हाथ जोड़कर अभिवादन किया।