रतलाम। रतलाम जिले में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब जिले में शुक्रवार शाम 6 बजे से 9 दिन यानी सोमवार सुबह 6 बजे तक टोटल लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान दूध की होम डिलीवरी को छूट है। गुरुवार दोपहर जिला आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए उपायों पर चर्चा की गई।
महू रोड स्थित नवीन कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने बताया कि शुक्रवार शाम 6 बजे से टोटल लॉकडाउन रहेगा। रतलाम जिले में कोरोना संक्रमण की दर 14 प्रतिशत हो गई है। बुधवार को 109 मरीज आए थे। पेंडिग रिपोर्ट में 1000 सैंपल अहमदाबाद भेजे गए थे, इसमें 144 रिपोर्ट पाजिटिव आई है। अब तक कोरोना से 105 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले बीते सप्ताह शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन किया गया था, लेकिन संक्रमण कम नहीं होने से अब 9 दिन का टोटल लॉक डाउन पूरे जिले में लागू किया गया है।
यह निर्णय लिए गए...
- दूधवालों को सुबह 6 से 10 बजे तक और शाम 4 से 7 बजे तक छूट रहेगी। इस अवधि में वह घरों पर दूध पहुंचा सकते हैं।
- दवा की दुकानें खुली रहेंगी। इमरजेंसी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
- सब्जी विक्रेता चलित रूप से सब्जी विक्रय कर सकेंगे। मास्क और डिस्टेंस बनाकर सब्जी खरीद सकते हैं।
- सभी शैक्षणिक संस्थाओं स्कूल, कालेज, कोचिंग संस्थानों को भी आगामी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
- बसों का संचालन भी बंद रहेगा। जिले के अन्य हिस्सों से भी शहर में आवाजाही बंद की गई।
- कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंप खुले रहेंगे और गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी होम डिलीवरी के रूप में की जाएगी। अन्य सभी प्रकार की गतिविधियां बंद रहेंगी।
- टोटल लॉकडाउन के दौरान वैक्सीनेशन जारी रहेगा। आमजन अपने केंद्र तक जा सकेंगे। केंद्र के बाहर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।