शुभ संकेत ...मध्यप्रदेश का रिकवरी रेट 69 प्रतिशत,राजस्थान के बाद देश में सबसे ज्यादा

शुभ संकेत ...मध्यप्रदेश का रिकवरी रेट 69 प्रतिशत,राजस्थान के बाद देश में सबसे ज्यादा

भोपाल/नई दिल्ली । कोरोना संक्रमण के दौर से गुजर रहे देश और प्रदेश के लिए बुधवार को शुभ संकेत सामने आए। देश में कुल सक्रिय मरीजों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 1,33,632 है, जबकि ठीक होने वालों की संख्या 1,35,205 है। यह सक्रिय मरीजों से अधिक है। इध, मप्र में भी मरीजों के ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) तेजी से बढ़ रही है। 13 अप्रैल को प्रदेश का रिकवरी रेट महज 9 प्रतिशत था, जो बुधवार को 68.6 प्रतिशत पर पहुंच गया। यह देश में दूसरे नंबर पर है। सबसे अधिक 74 फीसदी रिकवरी रेट राजस्थान में है, जबकि देश का रिकवरी रेट 48.7 फीसदी है। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना वायरस की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वायरस के संक्रमण पर सफलता मिल रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने रिकवरी को लेकर मप्र सरकार की पीठ ठोंकी 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को इंदौर के रिकवरी रेट को लेकर बधाई दी। उन्होंने एक ट्वीट करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों को सराहा है। मुख्यमंत्री ने 8 जून को अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान कहा कि इंदौर में संक्रमितों के स्वस्थ होने की रिकवरी रेट बढ़कर 64 फीसदी पहुंच गई है। मृत्यु दर भी लगभग 4 फीसदी तक सिमटकर रह गई है। उन्होंने जिला प्रशासन की पीठ भी थपथपाई थी। दूसरी ओर कांग्रेस ने राज्य सरकार के दावों को खारिज करते हुए इंदौर में दिल्ली,मुंबई, हैदराबाद से अधिक मृत्यु दर होने की बात कही है।

 मप्र में कुल 10,049 मामले, इनमें से 2,730 ही एक्टिव

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में सामने आया कि प्रदेश में 10 हजार 49 केस सामने आए हैं। इनमें से कुल 6,892 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में 31 दिनों में मामले दोगुने हो रहे हैं, जबकि देश में 14.17 दिनों में मामले दोगुने हो रहे हैं।

इन जिलों में 15 दिन से ज्यादा समय से मामले नहीं आए

 जिला                 दिन

अलीराजपुर          21

हरदा                  21

होशंगाबाद           21

सिवनी                19

झाबुआ                15

सीहोर                 10