मुरैना की 2 सीटों पर मंथन तीन विधायकों को जिम्मा

मुरैना की 2 सीटों पर मंथन तीन विधायकों को जिम्मा

भोपाल। प्रदेश में 24 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को कांग्रेस ने मुरैना जिले की दिमनी-अंबाह विधानसभा सीटों के लिए मंथन किया। दोनों सीटों पर कांग्रेस ने तीन विधायकों व एक पूर्व विधायक को जिम्मेदारी सौंपी है, जो चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। हालांकि इसके पहले जिले के संगठन को मजबूत करने के लिए सेक्टर और मंडल के बड़े आकार को छोटा करने पर भी पार्टी नेतृत्व का जोर है। बैठक में प्रत्याशी चयन को सर्वे के नाम पर टाल दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के सरकारी बंगले पर मंथन काफी देर तक चला। कमल नाथ ने एक-एक सीट पर नेताओं के साथ चर्चा किया और जीतने वाले नेताओं के नाम मांगे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, लाखनसिंह यादव, चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह के अलावा जिला अध्यक्ष राकेश मावई और दीपक शर्मा सहित कुछ अन्य स्थानीय नेता भी शामिल हुए।

दिमनी में जोशी, अंबाह में नीलांशु-डागा को जिम्मेदारी

दिमनी में खरगोन के विधायक रवि जोशी को जिम्मेदारी दी गई है। जोशी को पीसीसी के संगठन प्रभारी महामंत्री के रूप में काम करने का अनुभव भी है। वहीं, अंबाह विधानसभा सीट पर चित्रकूट के विधायक नीलांशु चतुर्वेदी व विनोद डागा को जिम्मेदारी दी गई है। दोनों ही युवा विधायक हैं।

संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठक में जिले के संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके लिए सेक्टर और मंडल के आकार को छोटा करने का फैसला हुआ। मुरैना में 2 ब्लॉक हैं। एक ब्लॉक में तीन मंडल और छह सेक्टर होते हैं। लिहाजा इनकी संख्या अब दोगुना कर काम किया जाएगा। इससे आकार छोटा होगा और नेता आसानी से लोगों तक पहुंच सकेंगे।