कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में काटा केक पौधा रोप कर मनाया जन्म दिवस

जबलपुर। कलेक्टर भरत यादव ने शनिवार को अपना जन्मदिन उन वृद्धजनों के बीच मनाया। कलेक्टर ने अपनों की बेरुखी के कारण जीवन का शेष समय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा बाजनामठ के समीप संचालित वृद्धाश्रम में व्यतीत कर रहे वृद्धों के साथ मनाया। वृद्धाश्रम पहुंचकर श्री यादव ने इन बुजुर्गों के साथ जन्मदिन का केक काटा और परिसर में पौधा रोपकर पर्यावरण के सरंक्षण का संदेश लोगों को दिया। जन्मदिन की खुशियां मनाने श्री यादव के वृद्धाश्रम पहुंचने की सूचना वृद्धजनों को पहले ही मिल चुकी थी। उन्होंने वृद्धाश्रम पहुंचते ही कलेक्टर का स्वागत किया और एक स्वर में तुम जियो हजारों साल साल के दिन हो पचास हजार गीत गाकर श्री यादव को जन्मदिन की बधाई दी ।उन्होंने अपने हाथों से बनाएं उपहार भी कलेक्टर को सौंपे। बेहद आत्मीयता भरे इस माहौल में श्री यादव ने वृद्धजनों से आशीर्वाद लिया और उनकी कुशलक्षेम जानी। कलेक्टर ने जन्मदिन पर वृद्धजनों को वस्त्र और फल प्रदान किए तथा उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना भी की।