1 साल 5 दिन ही रह पाए निगमायुक्त आशीष अब अनूप कुमार सिंह संभालेंगे ननि की कमान

जबलपुर । शहर में 1 साल 05 दिन निगमायुक्त के रूप में सेवाएं देने के बाद बुधवार शाम प्रदेश शासन से आए आदेश में आशीष कुमार का तबादला उप सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में कर दिया गया है। उनकी जगह अब ग्वालियर में अपर कलेक्टर के रूप में पदस्थ 2013 बैच के आईएएस अनूप कुमार सिंह शहर में नगर निगम की कमान संभालेंगे। अपने कार्यकाल में श्री कुमार ने नगर निगम की व्यवस्थाओं को पटरी पर रखने काफी प्रयास किए हैं। उनके कार्यकाल की मुख्य उपलब्धियों में स्वास्थ्य विभाग के संसाधनों में उल्लेखनीय वृद्धि करने के साथ विगत ढाई माह से जारी कोविड-19 संक्रमण में नगर निगम द्वारा संचालित 15 जोनों की रसोई और कंटेनमेंट एरियों में अच्छे काम के लिए उनकी प्रशंसा हुई है।
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद आ गए थे निशाने पर
सूत्रों के अनुसार प्रदेश में हुए सत्ता परिवर्तन को निगमायुक्त के स्थानांतरण की मुख्य वजह माना जा रहा है। श्री कुमार ने कांग्रेस के विधायकों और कांग्रेस जनों को जिस तरह से अतिरिक्त महत्व दिया और एक पक्षीय होकर काम किया उससे भाजपा के नेता नाराज हुए थे। 19 फरवरी को जब भाजपा की नगर सत्ता का कार्यकाल समाप्त हुआ और एमआईसी के सदस्य उनसे मिलने पहुंचे थे तो उनके संबोधन कि आईये पूर्व पार्षद जी भी लोगों को बुरा लगा था। हालाकि अब उन्होंने भाजपा विधायकों और भाजपा नेताओं से संबंध बनाने की पूरी कोशिश की थीं मगर इसमें वे अपनी कुर्सी बचाने में सफल नहीं हो पाए।
राजस्व व विकास कार्यों को गति देने में रही कमी
नगर निगम का राजस्व बढ़ाने के प्रयासों से लेकर रुके हुए विकास कार्यों को गति देने में वे सफल नहीं हो पाए। जिसके कारण शहर का विकास थम सा गया था। स्मार्ट सिटी हो या नगर निगम के बड़े प्रोजेक्ट लेट होते जा रहे हैं इनमें अपेक्षित प्रगति भी नहीं नजर आई। अब नए निगमायुक्त के लिए इन परियोजनाओं को पूरा करने की चुनौती सामने होगी।